Yamuna Nagar News: जडौदी निवासी डीआईजी बाबू राम राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित

जगाधरी। सीआईएसएफ के स्थापना दिवस समारोह पर भुवनेश्वर के मुंडली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिले के रहने वाले आईपीएस अधिकारी डीआईजी बाबू राम को उनके साहसिक कार्य के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक प्रदान किया। आईपीएस बाबू राम को यह सम्मान वर्ष 2016 में बिहार के जिला औरंगाबाद जिले में बतौर एसपी कार्य करते एक अत्यंत जोखिमपूर्ण नक्सल विरोधी अभियान में असाधारण वीरता व नेतृत्व का परिचय देने के लिए प्रदान किया गया। आईपीएस बाबूराम जगाधरी के गांव जडौदी के रहने वाले हैं।डीआईजी बाबू राम को राष्ट्रपति पदक मिलने से परिवार सहित रिश्तेदारों, ग्रामीणों व क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह है। उनके पैतृक घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बता दें कि वर्ष 2016 में आईपीएस एसपी बाबू राम के नेतृत्व में जिला पुलिस और कोबरा कमांडो की संयुक्त टीम ने गया और औरंगाबाद जिलों की सीमा पर स्थित लंगुराही और छकरबंधा के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। अभियान के दौरान नक्सलियों ने डुमरी नाला में लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में श्रृंखलाबद्ध लैंडमाइन विस्फोट किए, जिससे नाला के पास आगे बढ़ रही कोबरा की दो टीमों के कुछ जवान घायल हो गए। विस्फोट के तुरंत बाद पहाड़ी की ऊंचाई पर छिपे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसपी बाबू राम ने अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों पर जोरदार हमला किया। इस मुठभेड़ में उनकी टीम ने चार नक्सलियों को मार गिराया तथा उनसे स्वचालित हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की। एसपी बाबू राम और उनकी टीम ने न केवल घातक नक्सली घात (एम्बुश) को विफल किया, बल्कि घायल जवानों की जान भी बचाई। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में पूरी रात अभियान जारी रहा और घायल जवानों को कंधों पर उठाकर आठ घंटे से अधिक समय तक जंगल में पैदल चलकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस असाधारण वीरता, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के लिए राष्ट्रपति द्वारा आईपीएस बाबू राम तथा उनके साथ अभियान में शामिल राज्य पुलिस और कोबरा कमांडो के जवानों को राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक प्रदान करने की घोषणा की गई थी। यह सम्मान उन्हें सीआईएसएफ स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदान किया। -----------

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 08, 2026, 03:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: जडौदी निवासी डीआईजी बाबू राम राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित #JadaudiResidentDIGBabuRamHonoredWithPresident'sPoliceGallantryMedal #SubahSamachar