Yamuna Nagar News: सड़क निर्माण से लगा जाम, यातायात बाधित

व्यासपुर। शिव चौक से कृष्णा अस्पताल तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य इन दिनों आमजन के लिए परेशानी का कारण बन गया है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण निर्माण कार्य के दौरान इस मार्ग पर रोजाना लंबा जाम लग रहा है, जिससे लोगों को कस्बे में प्रवेश करने के लिए डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन इसके दौरान यातायात प्रबंधन पूरी तरह नदारद है। दुकानदार निखिल कुमार, परमजीत सिंह, राजेंद्र कुमार, अनिल कुमार और तनवी अली सहित कई राहगीरों ने बताया कि जाम के कारण एंबुलेंस और स्कूल बसें भी कई बार फंस जाती हैं, जिससे मरीजों और विद्यार्थियों को भारी असुविधा होती है। जाम की समस्या के चलते बाजार में ग्राहकों की संख्या भी कम हो गई है, जिससे व्यापार पर असर पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान न तो ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त तैनाती की गई है और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार रास्ता बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती है।स्थानीय लोगों ने उपमंडल प्रशासन से मांग की है कि शिव चौक से कृष्णा अस्पताल तक यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही निर्माण स्थल पर स्पष्ट दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 12, 2026, 03:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: सड़क निर्माण से लगा जाम, यातायात बाधित #JamDueToRoadConstruction #TrafficDisrupted #SubahSamachar