Janjgir-Champa: अकलतरा के कोटगढ़ में भीषण सड़क हादसा, कोयला से भरे 3 ट्रेलर आग की चपेट में एक की मौत
जांजगीर-चांपा में अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटगढ़ गांव में भीषण सड़क हादसे में कोयला से भरे तीन ट्रेलरों में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अकलतरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर अकलतरा से बलौदा की ओर जा रहा था, जबकि विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक और ट्रेलर ने भी टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रेलरों में भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। एक ट्रेलर में एक व्यक्ति फंस गया था, जिसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दो अन्य घायलों को तत्काल अकलतरा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और यातायात को नियंत्रित किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 12:37 IST
Janjgir-Champa: अकलतरा के कोटगढ़ में भीषण सड़क हादसा, कोयला से भरे 3 ट्रेलर आग की चपेट में एक की मौत #CityStates #Janjgir-champa #JanjgirChampaNews #SubahSamachar
