Chhattisgarh: चलते ट्रक से चावल चोरी करने वाला गिरफ्तार, बोरियां गिराते CCTV में दिखा; 50 किलो चावल बरामद

सक्ती थाना क्षेत्र में चलते ट्रक से चावल की बोरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। उसके कब्जे से 50 किलोग्राम चोरी का चावल बरामद हुआ है। वार्ड 14 सक्ती निवासी संकेत गोयल ने थाना सक्ती में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जून 2026 को उनके ट्रक क्रमांक सीजी 15 केएल 9002 में चावल लोड किया गया था। यह चावल सरवानी स्थित मारुति एग्रोवेट राइस मिल से शासकीय गोदाम टेमर भेजा गया था। गोदाम में माल उतारते समय 50-50 किलोग्राम की तीन बोरी चावल कम पाई गई। प्रार्थी ने सरवानी से टेमर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। 14 जून को टेमर स्थित एक फर्नीचर दुकान के कैमरे में चोरी की घटना कैद हुई। फुटेज में एक युवक चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां नीचे गिराते दिखा। दो अन्य युवक मोटरसाइकिल पर उसके साथ मौजूद थे। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में टीम गठित हुई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां गिराने वाले युवक की पहचान नितिन कुमार पटेल (21) के रूप में हुई। वह ग्राम नंदेली, थाना सक्ती का निवासी है। पुलिस ने नितिन कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई तीन बोरियों के बंटवारे में उसे 50 किलोग्राम चावल मिला था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उक्त चावल बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 16, 2026, 12:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chhattisgarh: चलते ट्रक से चावल चोरी करने वाला गिरफ्तार, बोरियां गिराते CCTV में दिखा; 50 किलो चावल बरामद #CityStates #Crime #Janjgir-champa #JanjgirChampaNews #JanjgirChampa #Chhattisgarh #CgNewsToday #SubahSamachar