UP: मोटे मुनाफे का दिया झांसा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी से  44 लाख की ठगी; परिवार सहित भागा आरोपी

आगरा के रावतपाड़ा के लोहार गली में रहने वाले आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी को मिलकर कारोबार करने पर मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद उनसे 44 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। अब धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित कारोबारी विवेक किशन गर्ग ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। बताया कि उनकी पहचान वर्ष 2016-17 से ताल सेमरी देवरी रोड निवासी बबलू कुशवाह से थी। उनमें व्यापारिक लेन-देन होते थे। आरोप है कि 16 मार्च, 2025 को बबलू ने कई प्रांतों से ज्वेलरी के ऑर्डर होने की बात कहकर मुनाफे का लालच दिया। बताया कि उसके बेटे अजीत और रोहित कारीगर हैं जो माल तैयार कर देंगे और ऑर्डर की सप्लाई व भुगतान का भी काम संभाल देंगे। भरोसा कर उन्होंने मई से अक्तूबर के बीच कई बार में करीब 40 लाख रुपये बबलू, अजीत और रोहित को दिए। अजीत तैयार माल को पीपल मंडी स्थित दुकान पर लाता था। दिवाली के ऑर्डर के दौरान 20 अक्तूबर को बबलू अपने बेटों और पिता भीमसेन के साथ आए, तैयार माल व दुकान में रखे करीब 4 लाख रुपये लेकर चले गए। वह माल और रकम मांगने उनके घर गए तो आरोपी भाग चुके थे। बाद में फोन पर बबलू ने जल्द लौटाने का वादा किया लेकिन लगातार टालता रहा। अब रुपये देने से मना कर धमकी दे रहा है। पीड़ित का कहना है कि उसने यह रकम रिश्तेदारों और बाजार से उधार ली थी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 07, 2026, 05:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP: मोटे मुनाफे का दिया झांसा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी से  44 लाख की ठगी; परिवार सहित भागा आरोपी #CityStates #Agra #44LakhFraud #JewelleryTraderScam #ProfitTrap #AgraFraudCase #BusinessCheating #KotwaliPolice #FinancialFraud #AbscondingAccused #44लाखकीठगी #ज्वेलरीकारोबारी #SubahSamachar