Jhansi: नए मतदाता बनने के लिए 3791 और नाम कटवाने के लिए 64 आवेदन, संशोधन के लिए 447 ने भरा फॉर्म
एसआईआर के तहत रविवार को 1762 मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस हुआ। 3791 ने नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा। दो जगह मतदाता सूची में नाम होने, परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु होने या स्थानांतरित हो जाने पर सूची से नाम कटवाने के लिए 64 फॉर्म-7 भरे गए। जबकि सूची में संशोधन करने के लिए 447 ने फॉर्म-7 भरा है। डीएम मृदुल चौधरी ने बताया कि इस विशेष अभियान दिवस का उद्देश्य दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करना रहा। इससे पहले 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को भी तीन अभियान दिवसों का सफल आयोजन किया जा चुका है। जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय अवधि में उपस्थित रहे और मतदाताओं से आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने आमजन से अपील की कि दावा और आपत्ति अवधि की अंतिम तिथि छह मार्च तक सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए आवेदन ईसीआईनेट मोबाइल एप और voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है। जनपद में लगभग सात हजार से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह की 80000 हजार से अधिक महिलाओं को भी ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए लगाया गया है। इस दौरान एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मऊरानीपुर श्वेता साहू, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गरौठा सुनील कुमार, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बबीना गौरव आर्या ने भी बूथों का निरीक्षण किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 06:04 IST
Jhansi: नए मतदाता बनने के लिए 3791 और नाम कटवाने के लिए 64 आवेदन, संशोधन के लिए 447 ने भरा फॉर्म #CityStates #Jhansi #JhansiSir #JhansiVoterNews #VoterListAmendmentNews #SubahSamachar
