Jhansi: प्रेमिका के साथ रहने से मना करने पर प्रेमी ने लगाया फंदा, मुलाकात करने के बाद उठाया कदम
कोतवाली के बड़ागांव गेट के बाहर रहने वाले तुषार पाखरे (24) ने प्रेमिका के साथ रहने से इन्कार कर देने पर दुखी होकर फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार दोपहर प्रेमिका आखिरी मुलाकात करने उसके घर आई थी। प्रेमिका अब आगे साथ रहने को राजी नहीं हुई। उसके जाने के बाद वह फंदे से लटक गया। पर्स लेने लौटी प्रेमिका ने उसे फंदे से लटका देखा। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बड़ागांव गेट के बाहर रहने वाला तुषार फोटो स्टूडियो में काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब आठ साल पहले पढ़ाई के दौरान तुषार की मुलाकात युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। वे लोग तब से रिश्ते में थे। उनकी शादी की बात भी चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ महीनों से युवती के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। तुषार से दूरी बनाने लगी थी। वह शादी भी नहीं करना चाहती थी। इससे तुषार तनाव में रहने लगा था। युवती अब उससे मिलने को भी राजी नहीं हो रही थी। तुषार ने किसी तरह अपने दोस्त की मदद से आखिरी बार मुलाकात के लिए राजी कराया। शुक्रवार दोपहर युवती तुषार से मिलने उसके घर पहुंची थी। करीब आधे घंटे ठहरने के बाद वह लौट गई लेकिन कमरे में पर्स भूल गई। जब पर्स लेने लौटी, तब तुषार फंदे से लटका मिला। यह देख वह चीख उठी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। फंदे से उतारकर उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से मां किरण का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाल विद्या सागर सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 07, 2026, 05:52 IST
Jhansi: प्रेमिका के साथ रहने से मना करने पर प्रेमी ने लगाया फंदा, मुलाकात करने के बाद उठाया कदम #CityStates #Jhansi #ManCommitsSuicideAfterHisGirlfriendRefusesT #JhansiLoveAffairCase #ManCommitsSuicideInLoveAffair #SubahSamachar
