Jhansi: हॉकी में झांसी का दबदबा, बालक वर्ग में अलीगढ़ को 8-0 और बालिका वर्ग में आगरा को 10-0 से हराया

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही प्रादेशिक विद्यालयीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को झांसी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। बालक और बालिका वर्ग में झांसी ने अलीगढ़ और आगरा की टीमों को एकतरफा मुकाबले में हराया। झांसी की टीमों ने विपक्षी खिलाड़ियों को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। अंडर-17 बालक वर्ग में झांसी और अलीगढ़ के बीच मुकाबला हुआ। शुरुआत से ही झांसी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में झांसी ने छह गोल दागकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने गोल करने के कई प्रयास किए लेकिन झांसी के मजबूत डिफेंस के आगे उनकी एक नहीं चली। दूसरे हाफ में झांसी ने दो और गोल करते हुए मुकाबला 8-0 से अपने नाम कर लिया। अंडर-15 बालक वर्ग में प्रयागराज और अयोध्या के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें प्रयागराज की टीम पूरी तरह हावी रही। पहले हाफ में पांच गोल करने के बाद दूसरे हाफ में चार और गोल दागे और 9-0 से शानदार जीत दर्ज की। अंडर-17 बालिका वर्ग में झांसी और आगरा की टीमें आमने-सामने हुईं। आगरा की टीम ने शुरुआत में गोल करने के प्रयास किए लेकिन झांसी की खिलाड़ियों ने उसे सफल नहीं होने दिया। पहले हाफ तक आगरा खाता नहीं खोल सकी। दूसरे हाफ में झांसी की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए छह और गोल किए और मुकाबला 10-0 से जीत लिया।वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में अलीगढ़ और कस्तूरबा गांधी यूनिट के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। पहले हाफ में अलीगढ़ ने गोल कर बढ़त बनाई। इसके बाद कस्तूरबा गांधी यूनिट ने गोल कर मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला दिया। पेनाल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमें 2-2 गोल से बराबरी पर रहीं। इसके बाद हुए सडन डेथ में अलीगढ़ ने 1-0 से जीत दर्ज की। कमिश्नर ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और विशिष्ट अतिथि भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की कप्तान ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) संतोष पांडेय, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर सहित अन्य प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 29, 2026, 10:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jhansi: हॉकी में झांसी का दबदबा, बालक वर्ग में अलीगढ़ को 8-0 और बालिका वर्ग में आगरा को 10-0 से हराया #CityStates #Jhansi #JhansiHockeyPlayersDefeatedAgraAndAligarh #JhansiHockeyPlayers #JhansiDhyanchandStadiumNews #JhansiHockeyMatch #SubahSamachar