Noida News: जिम्स ने पेश किया यूपी का पहला सरकारी मेडिकल इन्क्यूबेटर

ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जिम्स ने भारत-एआई इम्पैक्ट समिट में तीन प्रभावशाली पैनलों की मेजबानी की। उत्तर प्रदेश के पहले सरकारी मेडिकल इन्क्यूबेटर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया। यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हुआ। जिम्स के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन (सीएमआई) की ओर से संचालित यह इनक्यूबेटर एक सरकारी सेक्शन-8 कंपनी के रूप में सार्वजनिक अस्पताल के भीतर स्थापित किया गया है। यह भारत में अपने तरह का पहला मॉडल है, जो सरकारी अस्पतालों में एआई और हेल्थकेयर नवाचार को एकीकृत करता है। समिट में फ्रांस की सौदं तेनचे-एक्सेल और गौटियर क्लिक्स ने भाग लिया और सरकारी अस्पताल आधारित इनोवेशन मॉडल की सराहना की। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सार्वजनिक अस्पताल केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं बल्कि नवाचार के निर्माता बनने चाहिए। भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के दौरान फ्रांसीसी नेतृत्व की उपस्थिति और हमारे मॉडल की सराहना यह दर्शाती है कि भारत के सरकारी संस्थान वैश्विक स्तर पर नैतिक और सुरक्षित एआई का नेतृत्व कर सकते हैं। सीएमआई के सीईओ डॉ. राहुल सिंह ने कहा कि जिम्स की ओर से एक संरचित, नियामक-तैयार इन्क्यूबेशन मॉडल विकसित किया है जो एक कार्यरत सरकारी अस्पताल के भीतर संचालित हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस मॉडल की स्वीकृति यह सिद्ध करती है कि भारत जिम्मेदार और मरीज-केंद्रित हेल्थकेयर एआई में विश्व नेतृत्व की क्षमता रखता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 18, 2026, 20:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: जिम्स ने पेश किया यूपी का पहला सरकारी मेडिकल इन्क्यूबेटर #JIMSLaunchesUP'sFirstGovernmentMedicalIncubator #SubahSamachar