Mandi News: गलू देवता मेले में जोनी और रमेश मचाएंगे धमाल
21 से 23 अप्रैल तक चलेगा देवता मेला दो सांस्कृतिक संध्याओं में 50 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति संवाद न्यूज एजेंसीजोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के गलू देवता मेले में हिमाचल के प्रसिद्ध गायक कलाकार जोनी ठाकुर और रमेश ठाकुर सांस्कृतिक संध्याओं में धमाल मचाएंगे। 21 से 23 अप्रैल तक चलने वाले देवता मेले में दो सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। पहली सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू के गायक दीपक जनदेवा और जोगिंद्रनगर की जोनी ठाकुर प्राइम टाइम में दमदार प्रस्तुति देंगी। 22 अप्रैल को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू के लोकगायक रमेश ठाकुर और पहाड़ी लोकगायक होशियार राणा सहित प्रदेशभर के 50 से अधिक गायक कलाकार धमाल मचाएंगे।कुश्ती, खेलकूद प्रतियोगिता और महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। मेला समिति अध्यक्ष कला देवी और उपाध्यक्ष सन्नी बिष्ठ ने बताया कि चौहार घाटी के अराध्य देव पशाकोट और देव गहरी की अगुवाई में शुरू होने जा रहे देवता मेले में उपमंडल के 50 से अधिक देवी-देवता शिरकत करेंगे।मेले को आकर्षक बनाने के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठान और छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी स्थापित कर दिए गए हैं। देवता मेले का शुभारंभ चौहारघाटी के आराध्य देव पशाकोट की अगुवाई में गूरों की खेल और नारियल बली से होगा। एसडीएम मेले का शुभारंभ करेंगे। 23 अप्रैल को कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश और बाहरी राज्यों के नामी पहलवान दमखम दिखाएंगे। इसके उपरांत तीन दिवसीय मेले का समापन देवताओं की पूजा-अर्चना और शोभायात्रा के साथ होगा। समापन समारोह की अध्यक्षता कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 17:18 IST
Mandi News: गलू देवता मेले में जोनी और रमेश मचाएंगे धमाल #JohnnyAndRameshWillRockTheGaluDevtaFair #SubahSamachar
