महतारी वंदन ई-केवाईसी में अनियमितता : हितग्राहियों से रुपए लेने पर 6 सीएससी आईडी किए गए बंद
महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई किया है। दरअसल, शासन के निर्देश अनुसार ई-केवाईसी के लिए सीएससी सेंटर को निशुल्क काम करना है। लेकिन, कई केन्द्र द्वारा रुपए लिए जाने की शिकायत मिली है। शिकायत प्राप्त होने पर जांच उपरांत जिले के 6 सीएससी वीएलई आईडी निष्क्रिय की गई हैं। इसमें बोड़ला में एक, कवर्धा में चार व पंडरिया में एक समेत कुल 6 सीएससी आईडी शामिल हैं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी। संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन हितग्राहियों के आधार विवरण में त्रुटियां पाई गई हैं, उनका सुधार परियोजना कार्यालय द्वारा 2 से 3 दिवस के भीतर कराया जा रहा है,जिसके बाद पुनः ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। वर्तमान में सर्वर संबंधी किसी प्रकार की समस्या नहीं है और जिले में लगभग 83 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूरा किया जा चुका है। प्रदेश में तीसरे स्थान पर कबीरधाम जिला कबीरधाम जिला महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी कार्य में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरे स्थान पर है। निर्धारित समय सीमा में शेष केवायसी पूर्ण करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वीएलई द्वारा ई-केवाईसी के नाम पर राशि की मांग या किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि की जाती है, तो इसकी जानकारी सीएससी जिला प्रबंधक कबीरधाम महेंद्र साहू के मोबाइल नंबर 9630868510 पर दी जा सकती है। ताकि संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 13, 2026, 18:57 IST
महतारी वंदन ई-केवाईसी में अनियमितता : हितग्राहियों से रुपए लेने पर 6 सीएससी आईडी किए गए बंद #CityStates #Chhattisgarh #Kabirdham #SubahSamachar
