कबीरधाम : जर्जर सामाजिक भवन में मिला अज्ञात युवक का शव, फैली सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस
कवर्धा से रायपुर रोड स्थित ग्राम मगरदा में आज शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वेयरहाउस के सामने स्थित एक जर्जर सामाजिक भवन के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर शव को अपने कब्जे में लिया।पुलिस ने मौके पर प्रारंभिक जांच के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की उम्र, पहचान और वह किस क्षेत्र का रहने वाला है, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस के सामने स्थित यह सामाजिक भवन लंबे समय से जर्जर और लगभग उपयोगहीन पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों ने जब भवन के भीतर से बदबू आ रही थी तो,पास जाकर देखने पर शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मृतक की मौत स्वाभाविक है, दुर्घटनावश हुई है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड का भी मिलान कर रही है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचित करने की अपील की है।फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मृतक की शिनाख्त करना और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची हुई थी मौके पर पुलिस की टीम पहुंची हुई थी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 18:28 IST
कबीरधाम : जर्जर सामाजिक भवन में मिला अज्ञात युवक का शव, फैली सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस #CityStates #Kabirdham #SubahSamachar
