Gurugram News: कड़ी सुरक्षा के बीच काला जठेड़ी को गुरुग्राम लाया गया, पत्नी और नवजात जुड़वां बच्चियों से की मुलाकात

- रोहिणी कोर्ट के आदेश पर कस्टडी पैरोल में मिली 4 घंटे की राहत, डीएलएफ फेज-3 अस्पताल में ढाई घंटे रहे जठेड़ीअमर उजाला ब्यूरोगुरुग्राम। अवैध वसूली, हत्याओं समेत अन्य वारदातों में शामिल कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को बुधवार को पुलिस सुरक्षा के बीच गुरुग्राम लाया गया। उन्हें डीएलएफ फेज-3 के निजी अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी और नवजात जुड़वा बच्चियों से मिलवाने के लिए यहां लाया गया। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक जठेड़ी अपनी पत्नी व बच्चियों के पास रहा। गैंगस्टर काला जठेड़ी को गुरुग्राम लाने की ये कार्रवाई रोहिणी कोर्ट के आदेश पर हुई। कोर्ट में जठेड़ी के अधिवक्ता की ओर से याचिका दायर की गई थी। इसमें बताया गया कि संदीप उर्फ काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी ने आईवीएफ प्रक्रिया कराई है। प्रसव के दौरान अनुराधा की तबियत बिगड़ी तो सी-सेक्शन डिलीवरी कराई गई और उसने गुरुग्राम के नीलकंठ अस्पताल में दो जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। पत्नी व बच्चियों से मिलने के लिए पेरोल मांगी गई। याचिका पर कोर्ट ने पहले अस्पताल और मेडिकल रिकार्ड की जांच कराई थी। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने पत्नी और जुड़वा बच्चियों से मिलने के लिए चार घंटे की कस्टडी पैरोल दी। उसे मानवीय आधार पर राहत दी गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा में जठेड़ी को बुधवार सुबह लगभग पौने 12 बजे डीएलएफ फेस तीन के नीलकंठ अस्पताल लाया गया। यहां जठेड़ी ने पत्नी और नवजात जुड़वां बच्चियों से मुलाकात की। सुरक्षा में जठेड़ी के साथ आई दिल्ली पुलिस के अलावा गुरुग्राम पुलिस की टीम भी यहां मुस्तैद रही। लगभग ढ़ाई घंटे बाद दोपहर सवा 2 बजे जठेड़ी को पुलिस सुरक्षा में वापस ले जाया गया। काला जठेड़ी सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, फिरौती, रंगदारी समेत 30 से अधिक गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। उसने पूर्व लेडी डाॅन अनुराधा चौधरी से 12 मार्च 2024 को दिल्ली में शादी की थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 15:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gurugram News: कड़ी सुरक्षा के बीच काला जठेड़ी को गुरुग्राम लाया गया, पत्नी और नवजात जुड़वां बच्चियों से की मुलाकात #KalaJathediWasBroughtToGurugramUnderTightSecurityAndMetHisWifeAndNewbornTwinDaughters. #SubahSamachar