Kanpur: शहर से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 40 लाख शीशियां बाहर भेजीं
कानपुर से कोडीनयुक्त कफ सिरप की करीब 40 लाख शीशियां बाहर भेजी गई हैं। इसकी जानकारी साबइर क्राइम ब्रांच को आठ एफआईआर की विवेचना से हुई है। अब तक आधे से ज्यादा फर्म के बिल नहीं मिल सके हैं जिससे उनके नशे में इस्तेमाल करने की आशंका है। साइबर क्राइम ब्रांच टीम जल्द ही बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो सकती है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से अलग-अलग थानाक्षेत्रों में आठ एफआईआर कराई गई थीं। ड्रग इंस्पेक्टर ने कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशे की दवाओं की बिक्री करने में कलक्टरगंज, कल्याणपुर, हनुमंत विहार, महाराजपुर, रायपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के बाद विवेचना एसआईटी और क्राइम ब्रांच को दे दी गई थी। क्राइम ब्रांच अब तक कलक्टरगंज थाने में दर्ज एफआईआर के आरोपी विनोद अग्रवाल और प्रभात खरे, हनुमत विहार के विशाल सिंह सिसोदिया, महाराजपुर के रोहन पचौरी, रायपुरवा के सुमित केसरवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। डीसीपी क्राइम ब्रांच श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि अभी कलक्टरगंज थाने में हुई प्राथमिकी में वेद प्रकाश शिवहरे, शिवम अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, मंजू शर्मा और अभिषेक शर्मा, कल्याणपुर की एफआईआर में विकास तिवारी की तलाश जारी है। कलक्टरगंज थाने में तीन एफआईआर हुई थीं। अब तक की विवेचना से पता चला है कि विनोद अग्रवाल की फर्म ने 26 लाख, मंजू शर्मा ने 8.66 लाख, वेद प्रकाश शिवहरे ने 2.58 लाख, रोहन पचौरी ने 2.20 लाख, सुमित केसरवानी ने 55,671, विकास तिवारी ने 7,495, विशाल ने 5,250 कोडीनयुक्त कफ सिरप की शीशियां मंगवाई थीं। इनमें से आधे से अधिक के दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं। टीमें बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जा चुकी है। वहां भी सिर्फ एक तिहाई बिल बरामद हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 16, 2026, 19:57 IST
Kanpur: शहर से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 40 लाख शीशियां बाहर भेजीं #CityStates #Kanpur #KanpurNews #UpNews #SubahSamachar
