क्या कर्नाटक में कैबिनेट पर फंसा पेच?: डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया आज आएंगे दिल्ली, करेंगे आलाकमान से मुलाकात
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर कांग्रेस आलाकमान की मुहर लगने के बाद से भले ही भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राहत की सांस ले रहे हों, लेकिन कैबिनेट को लेकर पेच फंसा दिख रहा है। सूत्रों का कहना है किकर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को नई दिल्ली जाएंगे। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, दोनों नेता सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी वापसी का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं किया गया है, क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व के साथ अहम बैठकों का दौर शुरू होने वाला है।कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे शिवकुमार तीन जून को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुछ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। ये भी पढ़ें:बंगाल कैबिनेट विस्तार:स्वपनदास गुप्ता समेत कई मंत्रियों को दिलाई गई सामूहिक शपथ; मंत्रिमंडल में किन्हें जगह कैबिनेट के नामों को लेकर माथापच्ची जारी आधिकारिक तौर पर डीके शिवकुमार को बीते शनिवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।कर्नाटक में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 मंत्रियों की व्यवस्था है। ऐसे में मंत्री पद के दावेदारों की बड़ी संख्या और सीमित पदों को देखते हुए शिवकुमार के सामने संतुलन बनाए रखने की चुनौती है। सियासी गलियारों में अटकले हैं कि कैबिनेट के संभावित नामों को लेकर माथापच्ची अभी भी जारी है। रविवार को पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि उनके साथ कितने लोग शपथ लेंगे, शिवकुमार ने कहा, "मुझे नहीं पता। पार्टी आलाकमान जो फैसला करेगा, वही होगा। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।" वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अभी तक कोई प्रस्ताव उनके पास नहीं आया है। कई नेता कर रहे दावेदारी इस बीच मंत्री पद के दावेदारों की लॉबिंग तेज हो गई है। कई नेता अपनी दावेदारी पेश करने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने शिवकुमार और सिद्धारमैया से मुलाकात की है। सिद्धारमैया की भंग हो चुकी मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्य नई कैबिनेट में जगह बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कई विधायक पहली बार मंत्री बनने की उम्मीद में दिल्ली पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नई मंत्रिपरिषद में पुराने और नए चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ सिद्धारमैया समर्थकों को भी प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जाएगी।राजनीतिक गलियारों में कई उपमुख्यमंत्री बनाए जाने और सिद्धारमैया सरकार के कुछ मंत्रियों को बाहर किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में विचार-विमर्श अभी जारी है। सिद्धारमैया के बेटे भी होंगे कैबिनेट में शामिल सिद्धारमैया के पुत्र और कांग्रेस एमएलसी यतींद्र ने रविवार को शिवकुमार से मुलाकात के बाद कहा कि उन्हें अगली मंत्रिपरिषद में जगह मिलने की उम्मीद है और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मंत्री पद का आश्वासन दिया है। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नए नाम को लेकर भी चर्चा चल रही है। वर्तमान में यह पद शिवकुमार के पास है। वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ मंत्रिपरिषद में भी स्थान चाहते हैं। ये भी पढ़ें:जमीन विवाद में खूनी संघर्ष:कर्नाटक में एक ही परिवार के चार लोगों समेत छह की हत्या, 12 आरोपी गिरफ्तार दिल्ली में होने वाली बैठकों में 18 जून को होने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के उम्मीदवारों पर भी चर्चा होने की संभावना है।विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के चार राज्यसभा सीटों में से तीन और सात विधान परिषद सीटों में से पांच सीटें जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 11:03 IST
क्या कर्नाटक में कैबिनेट पर फंसा पेच?: डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया आज आएंगे दिल्ली, करेंगे आलाकमान से मुलाकात #IndiaNews #National #Karnataka #DkShivakumar #Siddaramaiah #Congress #CongressHighCommand #Delhi #CabinetTalks #SubahSamachar
