GPM: सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कार्रवाई, एक्शन में जिला प्रशासन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध उत्खनन में लगे तीन जेसीबी और अवैध रेत परिवहन करते तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। सभी वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। जानकारी के अनुसार, साधवानी के ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर के समक्ष क्षेत्र में मुरूम-मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल खनिज विभाग को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने देवराजपारा-साधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में दबिश देकर अवैध उत्खनन करते हुए तीन जेसीबी मशीनों को जब्त किया। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को भी पकड़कर जब्त कर लिया गया। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त सभी वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा कराने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक सतीश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन की जानकारी मिलने पर तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कार्यवाही।।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 16:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




GPM: सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कार्रवाई, एक्शन में जिला प्रशासन #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #Karywahi #SubahSamachar