MGKVP: काशी विद्यापीठ का नया फार्मुला, दाखिले में यूपी बोर्ड के छात्रों को होगा छह फीसदी का फायदा
काशी विद्यापीठ में नए सत्र में मेरिट से दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के मेरिट का निर्धारण स्केलिंग से होगा। प्रवेश के लिए यूपी बोर्ड के अभ्यर्थियों के इंटरमीडिएट के प्राप्तांक में 6 (छह) प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। बढ़ोतरी के बाद का जो प्राप्तांक होगा, वही अभ्यर्थी का स्केल्ड प्राप्तांक कहा जाएगा। इसके अलावा बिहार बोर्ड के अभ्यर्थियों के इंटरमीडिएट (10+2) के प्राप्तांक में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। सोमवार की देर शाम कुलपति की अध्यक्षता वाली समिति की बैठक में इसका फैसला हुआ। विवि में इस बार मेरिट से दाखिला लिया जाएगा। समिति की बैठक में प्रवेश से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि समिति ने बैठक कर इंटरमीडिएट व समकक्ष परीक्षा के विभिन्न बोर्डों की तुलनात्मक समीक्षा, अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों का सांख्यिकीय विश्लेषण और गहन समीक्षा की गई। इसी बैठक में स्केल्ड प्राप्तांक का निर्णय लिया गया। सीबीएसई बोर्ड, अन्य राज्य के बोर्ड (यूपी एवं बिहार राज्य बोर्ड को छोड़कर) के अभ्यर्थियों के इंटरमीडिएट (10+2) के प्राप्तांक में 2 (दो) प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। कुलसचिव ने बताया कि सीआईएससीआई और एनआईओएस बोर्ड के अभ्यर्थियों के इंटरमीडिएट (10+2) के प्राप्तांक में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी भी दशा में किसी भी बोर्ड के अभ्यर्थी का स्केल्ड प्राप्तांक इस सत्र में स्नातक पाठ्यक्रम में आवेदन किए हुए अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में अधिकतम प्राप्त प्रतिशत 98.20 से अधिक नहीं होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 17:14 IST
MGKVP: काशी विद्यापीठ का नया फार्मुला, दाखिले में यूपी बोर्ड के छात्रों को होगा छह फीसदी का फायदा #CityStates #Varanasi #Mgkvp #KashiVidyapithAdmission2026 #KashiVidyapeethCollege #SubahSamachar
