राजस्थान: दीपावली पर गुर्जर समाज ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा, तालाबों पर पहुंचकर किया पितरों का तर्पण
केकड़ी क्षेत्र में गुर्जर समाज के लोगों ने दीपावली का पर्व उत्साह व उमंग से मनाने के साथ साथ अपने पूर्वजों से जुड़ी एक अनूठी परम्परा भी आदर भाव से विधिवत निभाई। रविवार को उन्होनें जल भरकर अपने पितरों को धूप लगाई। इस परंपरा के तहत गुर्जर समाज के लोग अपने-अपने गांव के तालाब पर एकत्रित हुए और अपने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए छांट भरकर उनका तर्पण किया। विधि विधानपूर्वक पितरों को धूप तर्पण कर श्रद्धांजलि देने की क्रिया यों तो श्राद्ध पक्ष में की जाती है, मगर पूर्वजों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि देने का यह कार्य गुर्जर समाज के लोग दीपावली के दिन करते हैं। इस परंपरा का निर्वहन इस समुदाय के लोग बरसों से कर रहे हैं। बताया गया कि गुर्जर समाज की यह परंपरा अनूठी और सदियों पुरानी है, जिसमें दीपावली से एक दिन पहले ही इस अनुष्ठान की पूरी तैयारी कर ली जाती है। गुर्जर समाज के लोग इस दिन पितरों को खीर-चूरमे का भोग अर्पित करते हैं। यह भोग लगाने के बाद ही वे भोजन ग्रहण करते हैं। इस पर्व पर समाज के लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही नए जन्मे बच्चों का स्वागत भी करते है। छांट भरने के बाद नवजात के आगमन की खुशी में एक-दूसरे को गुड़ बांटा जाता है। पढ़ें:एसआईआर के बाद 30 लाख नाम कम, निकाय चुनाव में पुरानी सूची से हुआ मतदान दीपावली के दिन सुबह से छांट भरने तक समाज के लोगों ने व्रत रखा। सुबह सभी परिवार थालियों में फुलके, खीर और अन्य पारंपरिक भोजन साथ लेकर तालाब के किनारे इकट्ठा हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के लोगों ने भोग अर्पित कर पितरों का स्मरण किया। इस दौरान आंधी-झाड़ा की बेल लेकर लंबी कतार में तर्पण किया गया और साथ में लाये भोजन को जलचर जीवों के लिए जल में अर्पित किया। यह जानकारी देते हुए केकड़ी के मोलकिया गांव निवासी मनोज गुर्जर ने बताया कि जिस तालाब से छांट भरते हैं, वहां से पवित्र जल घर लाकर छिड़का जाता है। इस अनुष्ठान में नवजात बच्चों को भी शामिल किया जाता है। उनका एक हाथ आंधी-झाड़ा की बेल पर रखवाया जाता है ताकि वे समृद्धि और परंपरागत संस्कारों का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 15:41 IST
राजस्थान: दीपावली पर गुर्जर समाज ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा, तालाबों पर पहुंचकर किया पितरों का तर्पण #CityStates #Ajmer #Rajasthan #KekriNews #RajasthanNews #RajasthanHindiNews #GurjarCommunity #TraditionsOfTheGurjarCommunity #DiwaliNews #PitruTarpan(offeringLibationsToAncestors) #DiwaliInTheGurjarCommunity #DiwaliInKekri #SubahSamachar
