Chamba News: वीकेंड पर खज्जियार पर्यटकों से गुलजार

खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटजरलैंड से विख्यात पर्यटन स्थल वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हो गया है। रेहड़ी, ढाबों और होटलों में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। कुछ दिन पहले तक इनका कारोबार दम तोड़ते हुआ दिखाई दे रहा था। रविवार को अचानक ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंजाब, दिल्ली और गुजरात से सबसे अधिक संख्या में पर्यटक घूमने के लिए पहुंचे। खाली चल रहे होटलों में एकदम से 50 फीसदी बुकिंग बढ़ गई। इससे होटल कारोबारियों के मुर्झाए चेहरे खिल उठे। खिली धूप में पर्यटकों ने हरे-भरे देवदार के पेड़ों के बीच प्रकृति की सुंदरता को निहारा। वहीं पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी, फोटोशूट, रोलिंग बॉल सहित जिपलाइन का भी लुत्फ उठाया। स्थानीय निवासी विशाल कुमार, हंसराज, केवल कुमार, शेर सिंह, मनीष कुमार, दिनेश, हरबंश और जितेंद्र ने बताया कि वीकेंड पर पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। गर्मी का दौर भी शुरू हो चुका है। बारिश के कारण पर्यटक कम पहुंच रहे थे लेकिन जैसे ही मौसम साफ हुआ तो पर्यटकों ने खज्जियार का रुख करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो पर्यटन सीजन किसी न किसी कारण फीके रहे हैं। इस बार रिकॉर्डतोड़ भीड़ जुटने की उम्मीद है। एक बार कोरोना तो दूसरी बार भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण पर्यटक नहीं पहुंच पाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 12, 2026, 15:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: वीकेंड पर खज्जियार पर्यटकों से गुलजार #KhajjiarBuzzesWithTouristsOnWeekends #SubahSamachar