मोहाली में चल रहा था किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट: 25 लाख में होता था सौदा, नेपाल से लाते डोनर; मुख्य आरोपी फरार

सुख सेवा मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार एक किडनी का सौदा 25 लाख रुपये में तय किया जाता था और इस नेटवर्क की जड़ें देशभर में फैली थीं। नेपाल से डोनर बुलाकर ट्रांसप्लांट किए जाते थे। वर्ष 2023 में एसके अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद इसे बंद कर दिया गया। आरोपी सुख सेवा मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल के नाम से दोबारा नया सेंटर खोलकर गैरकानूनी तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट करने लगे। किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट की जांच के लिए एसएसपी मोहाली ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल में बिना सरकारी अनुमति के किडनी ट्रांसप्लांट किया जा रहा था। छापे के दौरान सर्जरी अंतिम चरण में थी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी डॉ. मनप्रीत कौर भाग निकली। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में डोनर आशीष थमन (नेपाल निवासी) और रिसीवर वरिंदरपाल को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। अभी तक उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि डोनर को तीन दिन पहले ही नेपाल से बुलाया गया था और उसकी रिसीवर से पहली मुलाकात अस्पताल में ही हुई थी। अटेंडेंट बनकर आए थे आरोपी, दो गिरफ्तार पुलिस ने गुजरात के महेंद्र कुमार मनसुखभाई पटेल और राजस्थान के राकेश कुमार नानूमा को गिरफ्तार किया है, जिन्हें अटेंडेंट के रूप में बुलाया गया था। दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि डॉक्टर ने मरीजों को इन्हीं के सहारे छोड़ रखा था। सौदे की रकम की जांच जारी एसएसपी हरमनदीप हंस ने कहा कि मरीजों के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ होगा कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए कितने में सौदा हुआ था और पहले कितने ऐसे ऑपरेशन किए गए हैं। एसआईटी पूरे नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 15, 2026, 02:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मोहाली में चल रहा था किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट: 25 लाख में होता था सौदा, नेपाल से लाते डोनर; मुख्य आरोपी फरार #CityStates #Mohali #KidneyTransplantRacket #SubahSamachar