Panipat News: मुखबिरी के शक में ललित की पीटकर कर दी थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
पानीपत। होली की रात कुटानी रोड न्यू दलबीर नगर में ललित (22) की पीटकर हत्या करने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सीआईए-2 की टीम ने शनिवार रात को कॉलोनी के ही तीन आरोपी अजय उर्फ घोड़ा, कर्ण व सूरज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि उसका एक साल पहले कॉलोनी के रवि से झगड़ा हुआ था। रवि उससे बदला लेना चाहता था और उसे शक था की ललित उसकी मुखबिरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। सीआई-2 प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि बुधवार रात को ललित की पीटकर हत्या कर दी गई थी। ललित क भाई पवन कॉलोनी के ही अजय, सागर, फरमान, दानिश, सूरज व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। शनिवार को पुलिस ने इस मामले मेंे तीन आरोपियों अजय उर्फ घोड़ा, कर्ण व सूरज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया फरवरी 2025 में उसने कॉलोनी निवासी रवि टांग तोड़ दी थी। उसे संदेह था कि रवि उससे बदला लेना चाह रहा है और ललित उसकी मुखबिरी करता है। जिस कारण वह ललित को सबक सिखाने के लिए कई दिन से मौके की फिराक में था। बुधवार को होली के दिन वह घर पर कॉलोनी निवासी साथी आरोपी कर्ण, सूरज, रमन, दानिश व अंजू के साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहा था। तभी उसे पता चला ललित कॉलोनी में आटा मील के पीछे खाली प्लाट में अपने दोस्तों के साथ खड़ा है। अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। ललित के बेहोश होने पर वे सभी मौके से बाइकों सहित फरार हो गए थे। बाद में ललित की मौत हो गई थी। तीनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडे, मोटरसाइकिल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही फरार आरोपियों के ठिकानों पर भी दबिश दी जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 09, 2026, 03:52 IST
Panipat News: मुखबिरी के शक में ललित की पीटकर कर दी थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार #LalitWasBeatenToDeathOnSuspicionOfBeingAnInformer;ThreeAccusedArrested #SubahSamachar
