प्रयागराज : एयरोसिटी में शामिल नहीं होगी माफिया से मुक्त कराई गई जमीन, अभिलेखों का कराया जा रहा सत्यापन

एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित नई टाउनशिप एयरोसिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया इसी माह शुरू होने की उम्मीद है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से तहसील सदर के माध्यम से भूमि संबंधी दस्तावेज की जांच कराई जा रही है, जो 15 नवंबर तक पूरी हो जाएगी। पहले चरण में 100 हेक्टेयर से अधिक जमीन का अधिग्रहण होना है। प्रस्तावित टाउनशिप के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये आवंटित किए जा चुके हैं। एयरोसिटी क्षेत्र में पहले माफिया से मुक्त कराई गई जमीन भी शामिल करने की योजना थी, लेकिन अब इसमें बदलाव कर दिया गया है। माफिया के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन को एयरोसिटी से बाहर रखने का निर्णय लिया गया है। अगर माफिया के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन को भी इसमें शामिल कर लिया गया होता तो अधिग्रहण की प्रक्रिया पीडीए के लिए काफी आसान हो जाती, लेकिन अब पूरी टाउनशिप के लिए पीडीए को जमीन की व्यवस्था करनी है। फिलहाल, इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जितने क्षेत्र में नई टाउनशिप बसाई जानी है, उस क्षेत्र की जमीन और उसके खातेदारों का सत्यापन कराया जा रहा है। मिट्टी की जांच प्रक्रिया पूरी पीडीए की ओर से प्रस्तावित टाउनशिप में मिट्टी की जांच प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माण का प्रकार तय होना है। टाउनशिप में सीवर लाइन व पानी की पाइप लाइन बिछाई जानी है। ग्रुप हाउसिंग का भी निर्माण होगा और प्लॉट की बिक्री होगी। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र, पार्क आदि बनाए जाएंगे। तहसील सदर के माध्यम से भूमि संबंधी दस्तावेज की जांच प्रक्रिया चल रही है। जमीन के लिए भूस्वामियों से सीधे संपर्क किया जा रहा है। जल्द जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। - ऋषि राज, उपाध्यक्ष, पीडीए

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 08, 2026, 14:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




प्रयागराज : एयरोसिटी में शामिल नहीं होगी माफिया से मुक्त कराई गई जमीन, अभिलेखों का कराया जा रहा सत्यापन #CityStates #Prayagraj #AtiqAhmed #AtiqAhmedSon #AtiqAhmedDeath #PrayagrajVikasPradhikaranNews #SubahSamachar