लैरी, तुम जियो हजारों साल: प्रधानमंत्री बदले, लेकिन नहीं बदला ब्रिटेन के मशहूर बिल्ले का पता

पिछले दिनों ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद एक एक्स अकाउंट से ट्वीट किया गया कि मैंने स्टार्मर का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। यह ट्वीट किसी इन्सान के नहीं, बल्कि एक बिल्ले के अकाउंट से किया गया था। इन महाशय का नाम लैरी द कैट है। यह प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट का स्थायी निवासी है। बताया जाता है कि 2011 में जन्मे इन महाशय को ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री कैमरून के कार्यकाल में पशुओं के अनाथालय से लाया गया था। कैमरून इसे अपने बच्चों के लिए लाए थे। हालांकि, कैमरून के बारे में कहा जाता है कि उन्हें बिल्लियां पसंद नहीं थीं, लेकिन इस बिल्ले ने उनके दिल में जगह बनाई। जब वह जाने लगे, तो इसे अपने साथ ले जाना चाहते थे, पर नहीं ले जा सके, क्योंकि यह उस जगह का स्थायी निवासी है। वह बहुत उदास भी हुए। लैरी को भी उनसे और परिवार से बहुत लगाव था। इसलिए, सोचा जा रहा था कि उनके जाने के बाद पता नहीं यह कैसे रहेगा। लेकिन, इसने यह स्थान नहीं छोड़ा। कैमरून के बाद जितने भी प्रधानमंत्री आए, सबके दिलों में लैरी ने अपनी जगह बनाई। बिल्लियों के बारे में कहा जाता है कि वे घर बदलती रहती हैं, लेकिन लैरी शायद स्थान प्रिय है। इसलिए, वह कहीं नहीं गया। वह अब तक छह प्रधानमंत्रियों-डेविड कैमरून, टेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस, ऋषि सुनक और कीर स्टार्मर-के कार्यकाल को देख चुका है। कई लोग मजाक में कहते हैं कि लैरी अकेला, इन सभी प्रधानमंत्रियों से अधिक होशियार है। स्टार्मर से जब नाटो प्रमुख मार्क रुटे मिलने आए थे, तो जाते वक्त उन्होंने भी इससे प्यार से बातचीत की थी। लैरी सिर्फ प्रधानमंत्री आवास का निवासी ही नहीं सरकारी अधिकारी भी है। इसे चीफ माउजर आफ कैबिनेट ऑफिस का पद मिला हुआ है। इसका काम है, सरकारी इमारतों में चूहों से निपटना। इसके अलावा, परिसर की सुरक्षा और वहां आने वाले महत्वपूर्ण लोगों का अभिवादन और स्वागत करना। यह अक्सर पुराने फर्नीचर पर लेटकर झपकी लेता दिखाई देता है। यहां तक कि पत्रकार वार्ताओं के समय भी सो जाता है। विश्व के बड़े-बड़े लोगों से मिलता है, पर उन्हें जरा भी भाव नहीं देता। ब्रिटेन की मीडिया का एक हिस्सा लैरी को आलसी कहता है, क्योंकि अभी तक महज दो चूहों के शिकार का काम ही इसके नाम दर्ज है। यह प्रधानमंत्री आवास में सबसे अधिक दिन काम करने वाला पालतू जानवर भी है। यह ब्रिटेन के मीडिया में छाया रहता है और सोशल मीडिया का स्टार है। इसके सोशल मीडिया अकाउंट से अक्सर ऐसे संदेश आते हैं, जिन्हें पढ़कर लोग हंसते हैं और आनंदित होते हैं। जब इसे प्रधानमंत्री आवास में लाया गया था, तो कुछ ही घंटों में यह ग्लोबल आइकन बन गया था। दुनियाभर में इसके लाखों फॉलोअर्स हैं। प्रधानमंत्री आवास में बिताए गए इसके पहले सौ दिन पर एक पिक्चर बुक भी मिलती है। इसे जेम्स रॉबिन्सन ने लिखा है। लैरी की एक आत्मकथा भी है। बच्चों के लिए भी बहुत-सी रंग-बिरंगी किताबें हैं, जिनका प्रमुख नायक लैरी ही है। ये इतनी दिलचस्प हैं कि बच्चे बड़ी संख्या में इन्हें खरीदते और बड़े चाव से पढ़ते हैं। भारतीय मुद्रा में इनकी कीमत एक सौ पचास रुपये से लेकर छह सौ रुपये तक है। लैरी के बारे में यहां तक कहा जाता है कि वह प्रेस फोटोग्राफर्स और मीडिया को लेकर बहुत सजग है। इसीलिए, उसकी तरह-तरह की फोटोज दिखाई देती हैं। मजाक में लैरी के बारे में यह भी मशहूर है कि वह एक किताब लिख रहा है-द राइज एंड फाल ऑफ प्राइम मिनिस्टर्स, क्योंकि लैरी ने छह प्रधानमंत्रियों को आते-जाते देखा है। अब इसकी उम्र हो चली है, मगर रिटायर होने को तैयार नहीं। हालांकि, जब यह इस दुनिया से विदा होगा, इसके लिए भी सरकार की तरफ से मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स को शामिल करने के लिए योजना तैयार है। प्रेस रिलीज से लेकर सोशल मीडिया पर सूचना और बहुत-से चित्र। इन सभी को एक कंप्यूटर में रखा गया है। चूंकि, लोग इसकी हर गतिविधि पर नजर रखते हैं, इससे लगाव भी है, इन बातों को ध्यान में रखते हुए इसकी मृत्यु पर राष्ट्रीय सम्मान देने की बात भी हो रही है। इसके बाद भी 10 डाउनिंग स्ट्रीट में कोई बिल्ला या बिल्ली आएगी, यह तो समय ही बताएगा। सफेद, काले इस बिल्ले के भाग्य जैसा भाग्य आखिर दुनिया में कितनी बिल्लियों को नसीब होता है। फिलहाल तो, लैरी, तुम जियो हजारों साल। edit@amarujala.com

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 06:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




लैरी, तुम जियो हजारों साल: प्रधानमंत्री बदले, लेकिन नहीं बदला ब्रिटेन के मशहूर बिल्ले का पता #Opinion #National #LarryTheCat #UnitedKingdom #10DowningStreet #BritishPrimeMinister #KeirStarmer #DavidCameron #RishiSunak #BorisJohnson #TheresaMay #LizTruss #SubahSamachar