Lava: लावा फोन में ब्लास्ट का दावा, शख्स ने सोशल मीडिया पर मचाया बवाल, जांच हुई तो खुल गई पोल!
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने टेक्नोलॉजी की दुनिया को कई नई सुविधाएं दी हैं। लेकिन इसी तकनीक का गलत इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। कभी किसी की आवाज की नकल की जाती है तो कभी किसी की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ होती है। अब AI के जरिए स्मार्टफोन कंपनियों को निशाना बनाने की कोशिश का एक मामला भी चर्चा में है। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक यूजर ने दावा किया कि उसका Lava स्मार्टफोन ब्लास्ट होकर जल गया। इतना ही नहीं, उसने ग्राहक सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए Amazon पर भी रिफंड और रिप्लेसमेंट न देने का आरोप लगाया। यूजर ने लगाया फोन ब्लास्ट होने का आरोप एक्स पर हैरी नाम के यूजर ने पोस्ट करते हुए लिखा कि Lava Mobile और Amazon के साथ उसका अनुभव बेहद खराब रहा। यूजर के मुताबिक, नया Lava फोन जलकर पूरी तरह खराब हो गया, जिससे गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा हुआ। यूजर ने यह भी दावा किया कि पिकअप पार्टनर ने खुद जले हुए फोन को देखा था, लेकिन इसके बावजूद Amazon ने रिफंड या रिप्लेसमेंट देने से इनकार कर दिया। पोस्ट के साथ कथित तौर पर ब्लास्ट हुए फोन की कुछ तस्वीरें भी साझा की गईं। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और कई यूजर्स ने Lava के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील रैना को टैग कर जवाब मांगा। Lava के एमडी ने दिया जवाब इस पोस्ट के वायरल होते ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने Lava कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील रैना को टैग करना शुरू कर दिया। सुनील रैना ने भी मामले को टालने के बजाय बेहद संजीदगी और तत्परता से जवाब दिया। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में साफ किया कि लावा की टीम ने शिकायतकर्ता से तुरंत संपर्क किया था और मामले की पड़ताल के लिए वह जला हुआ फोन मांगा था। मगर हैरान करने वाली बात यह रही कि उस शख्स ने अपनी ही बात से पलटते हुए अपनी डिवाइस देने से साफ इनकार कर दिया और बहाना बनाया कि वह फोन फिलहाल उसके पास मौजूद ही नहीं है। रैना ने सार्वजनिक रूप से उससे अपील की कि वह जल्द से जल्द वह फोन कंपनी को सौंपे ताकि मामले की सही तरीके से जांच हो सके। नकल के लिए भी अकल की जरूरत, एआई ने खोली पोल कंपनी के जवाब के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और टेक एक्सपर्ट्स की नजरें वायरल तस्वीरों पर गई। कई टेक जानकारों ने हैरी द्वारा पोस्ट की गई उस कथित ब्लास्ट वाले फोन की तस्वीर को बारीकी से खंगालना शुरू किया, तो पूरी साजिश बेनकाब हो गई। एक्सपर्ट्स ने पाया कि वह तस्वीर असली थी ही नहीं, बल्कि उसे गूगल के एआई टूल 'जेमिनी' की मदद से तैयार किया गया था। एआई से बनी इस फर्जी फोटो में कई ऐसी तकनीकी कमियां थीं जो सच्चाई बयां कर रही थीं। Aah yes The chip came out of the phone due to the blast 😂Also hidden cameras in Lava phones Which can only be found after a blast pic.twitter.com/W9EjXv26Wbmdash; Bhuppi Jogi (@Into_OnePlus) June 4, 2026 मिसाल के तौर पर, फोटो में दिख रहे फोन में पीछे की तरफ चार कैमरे लगे हुए थे, जबकि लावा के उस मॉडल में ऐसा नहीं था। इसके अलावा, कथित तौर पर बुरी तरह ब्लास्ट होने और जलने के बावजूद फोन के अंदर के पुर्जे और उसकी बनावट एकदम सही-सलामत और चमचमाती हुई दिख रही थी, जो असल में मुमकिन नहीं है। सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस तस्वीरों पर सवाल उठने के बाद सोशल मीडिया का रुख भी बदलता नजर आया। कई यूजर्स ने पोस्ट करने वाले व्यक्ति की आलोचना की। वहीं कुछ लोगों ने Lava को सलाह दी कि अगर कंपनी की छवि खराब करने की कोशिश की गई है तो कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जाना चाहिए। कुछ यूजर्स ने तो इसे किसी प्रतिस्पर्धी ब्रांड की साजिश तक करार दे दिया। हालांकि, इन दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, पोस्ट करने वाले यूजर की तरफ से भी अब तक कोई नया जवाब नहीं आया है। फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि AI के दौर में वायरल तस्वीरों और दावों पर आंख बंद करके भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच कितनी जरूरी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 17:14 IST
Lava: लावा फोन में ब्लास्ट का दावा, शख्स ने सोशल मीडिया पर मचाया बवाल, जांच हुई तो खुल गई पोल! #SocialNetwork #Technology #National #LavaPhoneBlast #LavaMobiles #TechNewsHindi #SubahSamachar
