Una News: आयुष वेलनेस केंद्रों में मिलेगा जोंक थेरेपी से उपचार
सुविधा का विस्तार करने के लिए आयुष विभाग ने शुरू की कवायद संवाद न्यूज एजेंसीऊना। आयुष वेलनेस केंद्रों में अब जोंक थेरेपी के माध्यम से उपचार की सुविधा शुरू की जाएगी। आयुष विभाग ने इस सुविधा के विस्तार के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। योजना के तहत सबसे पहले यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों के आयुष वेलनेस केंद्रों में उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि दूरदराज के लोगों को भी प्राकृतिक और सुरक्षित उपचार का लाभ मिल सके।जोंक थेरेपी आयुर्वेद की एक प्राचीन और प्रभावी उपचार पद्धति है, जिसका उपयोग त्वचा रोग, गठिया, जोड़ों के दर्द, नसों में सूजन, माइग्रेन, और रक्त संचार से जुड़ी कई समस्याओं के इलाज के लिए किया जाता है। इस थेरेपी में औषधीय गुणों वाली जोंकों के माध्यम से दूषित रक्त को बाहर निकाला जाता है, जिससे रोगी को राहत मिलती है।आयुष विभाग की ओर से चयनित आयुष वेलनेस केंद्रों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को जोंक थेरेपी का विशेष प्रशिक्षण दे दिया गया है। इसके अलावा, इन केंद्रों में आवश्यक उपकरण, औषधीय जोंक, और स्वच्छता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उपचार पूरी तरह विशेषज्ञों की निगरानी में किया जाएगा, ताकि मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी इलाज मिल सके।जोंक थेरेपी की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आयुष पद्धति के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। इसके साथ ही, विभाग लोगों को जोंक थेरेपी के लाभ और उपयोग के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाएगा।जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा का कहना है कि जिलेभर में संचालित आयुष वेलनेस केंद्रों में जल्द ही जोंक थैरेपी की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग इस पद्धति से लाभ उठा सकेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 15:31 IST
Una News: आयुष वेलनेस केंद्रों में मिलेगा जोंक थेरेपी से उपचार #LeechTherapyWillBeAvailableInAYUSHWellnessCenters #SubahSamachar
