Haridwar News: ट्यूबवेल के गड़ढे में गिरा गुलदार, वन कर्मियों ने बताया
बहादराबाद। थाना क्षेत्र के गांव भौंरी में बुधवार देर रात खेत में बने ट्यूबवेल के गड्ढे में गुलदार गिर गया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के बाद चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। बुधवार रात कुछ ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो उसमें करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में एक गुलदार गिरा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया, लेकिन वह काफी आक्रामक दिखाई दे रहा था। वन विभाग की टीम ने कुएं के आसपास जाल बिछाकर पिंजरा लगाया। इस दौरान गुलदार कुएं से ही दहाड़ते हुए बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी। गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरिद्वार की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद उसे चिड़ियापुर रेंज भेजा जाएगा। इस दौरान एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़, चौकी प्रभारी इंद्र सिंह, बीट अधिकारी अनुज कांबोज और पशु चिकित्सक अमित ध्यानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 15:21 IST
Haridwar News: ट्यूबवेल के गड़ढे में गिरा गुलदार, वन कर्मियों ने बताया #LeopardFellIntoTubeWellPit #ForestOfficialsSaid #SubahSamachar
