UP: यहां बन रहा यूपी का पहला तेंदुआ सफारी पार्क, वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
पीलीभीत जिले में शाहजहांपुर की सीमा से सटे गोपालपुर वनखंड में उत्तर प्रदेश का पहला तेंदुआ सफारी पार्क आकार लेने जा रहा है। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से 1716 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाली यह परियोजना सिर्फ रेस्क्यू किए गए तेंदुओं का सुरक्षित आशियाना ही नहीं होगी, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन, पर्यावरण शिक्षा और स्थानीय रोजगार का भी बड़ा केंद्र बनेगी। आधुनिक स्वागत कक्ष, 50 सीटों वाले थिएटर, सफारी ट्रैक और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाओं से लैस यह पार्क जनवरी तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। शाहजहांपुर और पीलीभीत की सीमा पर स्थित सामाजिक वानिकी क्षेत्र के गोपालपुर वनखंड में लंबे समय से अतिक्रमण और अवैध कटान की समस्या बनी हुई थी। सामाजिक वानिकी प्रभाग पीलीभीत और शाहजहांपुर वन प्रभाग के संयुक्त अभियान से जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके बाद प्रदेश का पहला तेंदुआ सफारी पार्क विकसित करने की योजना तैयार कर शासन को भेजी गई, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने जा रहा है। यह पार्क प्रदेश के विभिन्न जिलों से रेस्क्यू किए गए तेंदुओं का सुरक्षित ठिकाना बनेगा। यह भी पढ़ें-UP:बदायूं में चार घंटे तक बारिश, तालाब में तब्दील हुईं सड़कें, घरों और दुकानों में भी भरा पानी; तस्वीरें गोपालपुर वनखंड का प्राकृतिक वातावरण तेंदुओं के लिए बेहद अनुकूल माना गया है। यहां कहमैया तालाब, कटैया तालाब, गुटेल वाला तालाब, पीरा ताल, अधबना तालाब और प्राकृतिक नाला वर्षभर जल उपलब्ध कराते हैं। वहीं, नीलगाय, जंगली सुअर, चीतल और पाड़ा जैसे शिकार योग्य वन्यजीव पर्याप्त संख्या में मौजूद हैं। कांस, कुश, खस, पनहर, मूंज और पटेर जैसी छह प्रमुख घास प्रजातियां भी तेंदुओं के प्राकृतिक व्यवहार और आवास के लिए मुफीद हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 16:56 IST
UP: यहां बन रहा यूपी का पहला तेंदुआ सफारी पार्क, वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान #CityStates #Pilibhit #Shahjahanpur #UttarPradesh #Leopard #LeopardSafariPark #WildlifeConservation #UpGovernment #SubahSamachar
