Agra News: आगरा में जाम में जिंदगानी, हर दिन की परेशानी

आगरा। उमस भरी गर्मी में मंगलवार को शहरवासियों को एमजी रोड के दो प्रमुख चौराहों पर पूरे दिन जाम से जूझना पड़ रहा है। हरीपर्वत चौराहे पर मेट्रो के पिलर निर्माण के लिए एक तरफ बैरिकेडिंग लगा दी गई है। कलेक्ट्रेट से रावली के बीच रेलवे पुल पर मेट्रो के पुल निर्माण से भीषण जाम लग रहा है। इससे 5 मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटे तक का समय लग रहा है। मेट्रो और पुलिस की ओर से कोई इंतजाम नहीं होने की वजह से लोग घंटों तक वाहनों में फंसे रहकर व्यवस्थाओं को कोसते हैं। एमजी रोड पर आगरा कैंट से दीवानी चौराहे तक मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से का निर्माण कार्य चल रहा है। मेट्रो ने हाल ही में हरीपर्वत चौराहे पर पिलर निर्माण का कार्य शुरू कराया है। इसके लिए चौराहे पर एक तरफ बैरिकेडिंग की गई है। दिल्ली गेट की तरफ से आने वाले वाहनों को संजय प्लेस की तरफ जाने के लिए स्पीड कलर लैब तिराहे से निकाला जा रहा है। चौराहे पर पहले से ही सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। अब चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाए जाने से समस्या और बढ़ गई है। सेंट जोंस चौराहे की तरफ से आने वाले वाहन और एमडी जैन कॉलेज की तरफ से आने वाले वाहन आमने-सामने आने पर फंस रहे हैं। कलेक्ट्रेट और रावली पर सबसे ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं। एक तरफ मेट्रो ने कलेक्ट्रेट तिराहे पर पिलर बनाने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। वहीं कलेक्ट्रेट से रावली की तरफ जाने वाली लेन पर रेलवे पुल के ऊपर भी बैरिकेडिंग कर पिलर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। इसी तरह एसबीआई तिराहे से कलेक्ट्रेट की तरफ जाने वाली लेन पर रावली महादेव मंदिर के सामने पिलर के लिए गड्ढा खोदा गया है। इससे 25 मीटर आगे भी पिलर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। ऐसे में वाहन चालकों को दोनों लेन पर जाम से जूझना पड़ रहा है। मंगलवार को भी सुबह से देर शाम तक वाहन चालक जाम से जूझते रहे। कहां-कहां दिक्कतें धाकरान चौराहे पर भी समस्या है। सड़क के बीच में पिलर बनाए जाने से महानगर बसों को निकलने में परेशानी हो रही है।दीवानी चौराहे पर एक ही लेन से वाहन निकलते हैं। एक लेन पर निर्माण चल रहा है। पीक आवर्स में वाहन फंस रहे हैं।पंचकुइयां से जीआईसी मैदान की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी सीएम ग्रिड के तहत खुदाई का काम चल रहा है। बिजलीघर पर रेलवे पुल के पास पाइप लाइन डालने का काम शुरू कराया गया है। इससे संकरे रास्ते से लोग नहीं निकल पा रहे हैं।आईएसबीटी फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड को बंद कर दिया है। लोगों को अपने वाहन सर्विस रोड से हाईवे पर आकर गलत दिशा से निकालने पड़ते हैं। अबुल उलाह दरगाह, लंगड़े की चौकी, रामबाग से रॉयल कट की तरफ भी सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग होने से समस्या है।आज से स्कूली वाहन बढ़ाएंगे परेशानी एक जुलाई से सरकारी समेत अधिकांश कॉन्वेंट स्कूल खुल रहे हैं। स्कूली बस, ऑटो और वैन हरीपर्वत, सेंट जोंस और दिल्ली गेट, पंचकुइयां, सुभाष पार्क होकर निकलती हैं। जब स्कूली बस एमजी रोड पर आती हैं तो जाम लग जाता है। अब कई मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाए जाने से समस्या बढ़ेगी। इस पर पुलिस का कोई ध्यान नहीं है।एत्मादपुर में कार्यक्रम से हाईवे रहा जाम अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह मंगलवार को बरहन तिराहे के पास मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल होेने वाले लोगों के लिए सेंट जॉर्जेस स्कूल और पालकी रिसॉर्ट में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। दोपहर दो बजे के बाद मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के आगमन पर पुलिस ने ट्रैफिक रोक दिया। इससे वाहन जाम में फंस गए। हाईवे पर टूंडला, बरहन और तहसील एत्मादपुर चौराहे तक वाहनों की लाइनें लग गईं। शाम को साढ़े पांच बजे सभा संपन्न होने पर लोगों के वाहन निकले तो हाईवे से लेकर सर्विस रोड पर वाहन फंस गए। पुलिसकर्मी तैनात होने के बावजूद जाम खुलने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं।वर्जन रावली पर रेलवे पुल पर मेट्रो के पुल का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। जाम की समस्या के लिए मार्शल तैनात किए जाएंगे। संबंधित टीमों को निर्देशित किया जाएगा। पंचानन मिश्रा, उप महाप्रबंधक, मेट्रोमेट्रो की ओर से 25 दिन तक रावली पर पुल का निर्माण कार्य कराया जाएगा। लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। लोग अपनी लेन में चले। संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर सकते हैं। पुलिसकर्मी और मार्शल की तैनाती यातायात व्यवस्था संभालने के लिए की गई है। अलका सिंह, एडीसीपी, ट्रैफिक

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 03:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Agra News: आगरा में जाम में जिंदगानी, हर दिन की परेशानी #LifeStuckInTrafficJamsInAgraADailyOrdeal. #SubahSamachar