Car Safety: बंद कार में फंस जाएं तो न हों पैनिक; तुरंत करें यह काम, बच सकती है आपकी जान
Locked Inside Car: इस भीषण गर्मी में कार कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण हाल ही में फ्रांस में देखने को मिला। यहां दो छोटे-छोटे बच्चे कार के अंदर फंस गए और तेज गर्मी की वजह से उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बच्चे खेलते-खेलते कार में चले गए थे और अंदर ही लॉक हो गए। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर कोई व्यक्ति कार के अंदर फंस जाए तो उसे क्या करना चाहिए और ऐसी स्थिति में खुद को सुरक्षित कैसे रखा जा सकता है। कैसे हुआ हादसा रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है, कि ये बच्चे करीब दो और चार साल के थे। बताया जा रहा है कि वे खेलते-खेलते परिवार की कार में पहुंच गए और अंदर ही रह गए। उस समय तापमान करीब 39 से 40 डिग्री सेल्सियस था, जबकि बंद कार के अंदर का तापमान इससे कहीं ज्यादा खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। काफी देर तक परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब मां ने उन्हें कार में बेहोश हालत में देखा तो तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बंद कार क्यों बन जाती है खतरा एक्सपर्ट्स कहते हैं कि एक बंद कार कुछ ही मिनटों में भट्टी जैसी गर्म हो सकती है। धूप में खड़ी कार के अंदर का टेम्परेचर तेजी से बढ़ता है और ऑक्सीजन की कमी, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर और भी तेजी से पड़ता है। अगर कार के अंदर फंस जाएं तो सबसे पहले क्या करें विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति में सबसे जरूरी है कि पैनिक न हों। घबराहट की वजह से व्यक्ति सही फैसला नहीं ले पाता और शरीर की ऊर्जा भी तेजी से खर्च होती है। सबसे पहले कार के सभी दरवाजों और खिड़कियों के लॉक सिस्टम को ध्यान से चेक करें। कई बार सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम काम नहीं करता, लेकिन मैनुअल लॉक के जरिए दरवाजा खोला जा सकता है। तुरंत लोगों का ध्यान आकर्षित करें अगर दरवाजे नहीं खुल रहे हैं, तो लगातार हॉर्न बजाने की कोशिश करें। हॉर्न की आवाज आसपास मौजूद लोगों का ध्यान खींच सकती है। अगर आपके पास मोबाइल फोन है, तो तुरंत परिवार, दोस्तों या इमरजेंसी सेवाओं को कॉल करें और अपनी लोकेशन शेयर करें। ऐसी स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। कार के इमरजेंसी फीचर्स जानना क्यों जरूरी है हर कार मालिक को अपने वाहन के इमरतेंसी फीचर्स की जानकारी होना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञ कहते हैं कि ज्यादातर कारों तो तो अंदर से ही दरवाजा खोलने का अलग मैकेनिज्म दिया जाता है, जो सामान्य लॉक सिस्टम से अलग काम करता है। कई आधुनिक कारों में सेफ्टी फीचर्स और इमरजेंसी एग्जिट सिस्टम भी मौजूद होते हैं। इसलिए कार खरीदने के बाद इनके बारे में जानकारी लेना जरूरी है। जब कोई रास्ता न बचे तो क्या करें अगर स्थिति बेहद गंभीर हो जाए, कोई सुने नहीं, कोई फोन न उठाए और बाहर निकलने का कोई रास्ता न बचे। तो खिड़की तोड़ने की कोशिश करो। एक्सपर्ट्स के अनुसार, शीशे के बीच की बजाय उसके किनारों पर जोरदार वार करना ज्यादा प्रभावी होता है। इसी वजह से कई लोग कार में इमरजेंसी विंडो ब्रेकर या सेफ्टी टूल रखने की सलाह भी देते हैं, जो संकट की स्थिति में जान बचाने में मदद कर सकते हैं। ऐसी घटनाओं से कैसे बचें फ्रांस जैसी घटना हाेने से बचाने के लिए ध्यान रखें कि बच्चों को कभी भी कार के आसपास न छोड़ें और गाड़ी को हमेशा लॉक रखें। वाहन पार्किंग में ध्यान दें कि क्या सभी बच्चे और परिवार के सदस्य बाहर निकल चुके हैं। साथ ही कार लॉक करने से पहले सीट और पीछे का हिस्सा जरूर चेक करें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 16:11 IST
Car Safety: बंद कार में फंस जाएं तो न हों पैनिक; तुरंत करें यह काम, बच सकती है आपकी जान #Automobiles #National #SubahSamachar
