Lucknow: अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 119 हिरासत में, फर्जी कॉल के जरिये करते थे अमेरिकी लोगों से ठगी
राजधानी पुलिस ने समिट बिल्डिंग में चल रहे साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह फर्जी कॉल सेंटर के जरिये अमेरिका (यूएसए) के लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी कर रहा था। पुलिस ने गिरोह में शामिल 119 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरोह द्वारा करीब 250 करोड़ रुपये की ठगी करने की बात सामने आई है। एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने बताया कि खुफिया सूचना पर मंगलवार रात में समिट बिल्डिंग के 11वें तल पर चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर सभी को हिरासत में लिया। गिरोह के पास से करीब 100 लैपटॉप, 178 कॉलिंग मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण, दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं। गिरोह डॉलर एप के माध्यम से साइबर ठगी कर रहा था। गिरोह का संचालन कर रहे अहमदाबाद निवासी ऑपरेशन मैनेजर ललित खैराजानी और विक्रम सिंह परमार से पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि फर्जीवाड़े के खुलासे के लिए साइबर थाना और साइबर क्राइम सेल की पूरी टीम को लगाया गया था। गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पुलिस की टीमें पता लगा रही हैं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। रात में चलता था कॉल सेंटर, अमेरिका से संचालन पुलिस का कहना है कि कॉल सेंटर सिर्फ रात में ही संचालित होता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को एफबीआई का अधिकारी बताकर विदेशी नागरिकों को झांसे में लेते थे। पूरा गिरोह यूएसए से संचालित हो रहा था। आरोपी ठगी की रकम अमेरिका के बैंक खातों में मंगाते थे और उसे क्रिप्टो करेंसी में बदलकर आपस में बांट लेते थे। करीब 24 घंटे तक चली पड़ताल के बाद पुलिस ने 27 युवतियों और 92 युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें से ज्यादातर पूर्वोत्तर राज्यों के हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 02:59 IST
Lucknow: अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 119 हिरासत में, फर्जी कॉल के जरिये करते थे अमेरिकी लोगों से ठगी #CityStates #Lucknow #InternationalFraud #GangBusted #SubahSamachar
