UP: लखीमपुर खीरी में मधुमिता शुक्ला की बहन के घर के बाहर धमाका, बम से हमला करने का आरोप
लखीमपुर खीरी में मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने सदर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर घर पर बम से हमला कराए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। निधि शुक्ला मधुमिता हत्याकांड की प्रमुख वादिनी हैं। उन्होंने इस घटना को डराने-धमकाने के उद्देश्य से किया गया हमला बताया है। निधि शुक्ला के अनुसार 30 जून की रात करीब तीन बजे शहर के मोहल्ला मिश्राना स्थित उनके घर के बाहर तेज धमाका हुआ। उनकी सुरक्षा में तैनात सिपाही ने उन्हें कॉल किया। वह घबराया हुआ था। उसने बताया कि बहुत तेज धमाका हुआ है। सिपाही ने घर का दरवाजा खोलने के लिए कहा। उन्होंने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। सिपाही ने ही पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस आ गई तो उन्होंने घर का दरवाजा खोला। तब पता लगा कि ब्लास्ट हुआ है। पिछले साल हुई थी फायरिंग निधि ने बताया कि पिछले साल उनके घर पर फायरिंग हुई थी। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया। कहा कि कहने को उन्हें तीन एक की गारद मिली है, लेकिन सुरक्षा में सिर्फ दो सिपाही रहते हैं। इनमें एक दिन और दूसरा रात में तैनात रहता है। निधि शुक्ला का आरोप है कि उन्हें कानूनी पैरवी और मधुमिता हत्याकांड पर पुस्तक व गीत एलबम प्रकाशित करने की तैयारी के कारण डराने-धमकाने के उद्देश्य से हमला कराया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 17:34 IST
UP: लखीमपुर खीरी में मधुमिता शुक्ला की बहन के घर के बाहर धमाका, बम से हमला करने का आरोप #CityStates #LakhimpurKheri #UttarPradesh #BombAttack #MadhumitaShukla #Fir #Police #Crime #SubahSamachar
