Maharashtra Updates: ठाणे में ओवरटेक की कोशिश बनी काल, कंटेनर से टकराई स्कूटर; दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब स्कूटर सवार युवकों ने एक कंटेनर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे कल्याण-मुरबाड रोड पर वराप गांव के पास हुई। तीनों युवक स्कूटर से कल्याण से मुरबाड की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटर कंटेनर ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान चालक ने भारी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से स्कूटर कंटेनर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोपहिया वाहन फिसलकर ट्रक के पिछले पहियों के नीचे जा पहुंचा। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटर पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इनमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजू गुप्ता और 28 वर्षीय पवन गुप्ता के रूप में हुई है। घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि कंटेनर चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और जोखिम भरे ओवरटेकिंग के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। संघ का शताब्दी वर्ष मुंबई में 18 दिसंबर से वर्ल्ड कांग्रेस महासम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत इस साल 'वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन मुंबई में होने जा रहा है। हर चार वर्ष में होने वाला यह महासम्मेलन 18 से 20 दिसंबर तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इस त्रिवसीय वैश्विक महासम्मेलन का केंद्रीय विषय 'समानं व्रतं सह चित्तम्' (साझा संकल्प, सामूहिक दृढ़ता) रखा गया है। 2014 में दिल्ली से शुरू हुआ यह सफर शिकागो बैंकॉक के बाद अब मुंबई में हिंदू गौरव और रणनीतिक सहयोग का नया अध्याय लिखेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 04, 2026, 03:54 IST
Maharashtra Updates: ठाणे में ओवरटेक की कोशिश बनी काल, कंटेनर से टकराई स्कूटर; दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत #IndiaNews #National #Maharashtra #SubahSamachar
