Mahashivaratri 2026: इस महाशिवरात्रि काशी में हंपी होली, पंजाब की होला मोहल्ला; खास थीम पर निकलेगी शिव बरात
महाशिवरात्रि पर काशी की पहचान बन चुकी शिव बरात इस बार पूरी तरह होलियाना अंदाज में निकाली जाएगी। इसमें लोग बनारसी हुड़दंग और सांस्कृतिक उल्लास में नजर आएंगे। इस बार शिव बरात में वृंदावन की लट्ठमार होली, कर्नाटक की हंपी होली, पंजाब की होला मोहल्ला सहित अन्य राज्यों की परंपराओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। करीब 45 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत महामृत्युंजय महादेव मंदिर दारानगर से निकलने वाली शिव बरात 15 फरवरी को काशी की गलियों में रंग, मस्ती और ठहाकों के साथ घूमेगी। वहीं, इस बार की शिव बरात की खास थीम हर आदमी है टेंशन में, चलो थोड़ा गुदगुदाया जाए होगी। शिव बरात से पहले ही काशी में बाबा भोले की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर में चढ़ाए गए बेलपत्र और तिलक युक्त निमंत्रण पत्रों के साथ भोजपुरी भाषा और बनारसी अंदाज में आम जनता को शिव विवाह का न्योता भेजा जा रहा है। यह निमंत्रण खुद में काशी की सांस्कृतिक विरासत और लोकभावना को जीवंत करता नजर आ रहा है। शिव बरात समिति के संस्थापक ने बताया कि वर्तमान समय में माघ मेला, यूजीसी, मणिकर्णिका घाट सहित कई मुद्दों के कारण आम जनमानस तनाव में है। ऐसे में लुप्त होती बनारसी मस्ती, ठिठोली और अल्हड़पन को फिर से जीवंत करने के उद्देश्य से इस बार शिव बरात को पूरी तरह होली की मस्ती और बनारसी रंग में ढाला गया है। बाबा की बरात में हास्य, व्यंग्य, लोकगीत और रंगों के साथ काशी की आत्मा सड़कों पर उतरती दिखाई देगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 03, 2026, 12:34 IST
Mahashivaratri 2026: इस महाशिवरात्रि काशी में हंपी होली, पंजाब की होला मोहल्ला; खास थीम पर निकलेगी शिव बरात #CityStates #Varanasi #Mahashivratri2026 #ShivBaratVaranasi #MahashivratriInVaranasi #SubahSamachar
