Mumbai Drug Case: एमबीए छात्रों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा; एक सप्लायर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज
गोरेगांव ईस्ट में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग ओवरडोज से दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में मुंबई पुलिस की जांच में अहम खुलासे हुए हैं। वनराई पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया गया है, जिसने दोनों मृतकों को एमडीएमए की गोलियां बेची थीं। जांच में क्या आया सामने पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र ने प्रति गोली 1600 रुपये के हिसाब से ड्रग्स की बिक्री की थी। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों ने कुल चार गोलियां ली थीं, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को कल्याण से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसी ने मुख्य आरोपी छात्र को 6 से 7 एमडीएमए की गोलियां सप्लाई की थीं। पुलिस को आशंका है कि बची हुई गोलियां आरोपी छात्र ने अपने ग्रुप के अन्य लोगों को दी होंगी या खुद इस्तेमाल की होंगी। इस पहलू पर भी जांच जारी है। कई लोगों के शामिल होने की संभावना पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में और भी लोगों के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए पांच से छह टीमों का गठन किया गया है, जो ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। घटना की पृष्ठभूमि जानें घटना 11 अप्रैल की है, जब गोरेगांव ईस्ट में एक म्यूजिक इवेंट आयोजित किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के करीब 15 से 16 छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतकों में से एक छात्र ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के दौरान कैब में ही एक्स्टेसी की एक गोली ली थी और बाद में कॉन्सर्ट के दौरान एक और गोली का सेवन किया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में दोनों छात्रों की मौत की वजह ड्रग ओवरडोज बताई है। दूसरे छात्र की मौत भी ड्रग्स सेवन से जुड़ी पाई गई है। फिलहाल, मुंबई पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और ड्रग्स की सप्लाई चेन को खंगालते हुए इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 07:26 IST
Mumbai Drug Case: एमबीए छात्रों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा; एक सप्लायर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज #IndiaNews #National #Mumbai #DrugCase #Police #SubahSamachar
