Jind News: इंस्टाग्राम पर आर्मी ऑफिसर बनकर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
जींद। इंस्टाग्राम पर आर्मी आफिसर बन कर ठगी करने के आरोपी फरीदाबाद एनआईटी की पर्वतीय कॉलोनी निवासी प्रदीप उर्फ पिंकू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने आठ हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप ने शनिवार को बताया कि लक्ष्मी नगर निवासी अंकित ने साइबर थाना को शिकायत दी थी कि इंस्टाग्राम पर उसकी एक लड़की से बातचीत हुई। उसने खुद को मथुरा निवासी बताया। लड़की ने बताया कि उसके पिता सियाचिन में आर्मी आफिसर हैं। लड़की ने कभी इलाज के नाम पर, कभी ट्रिप के नाम पर, कभी एक्सीडेंट होने के बहाने अंकित से पैसे ले लिए। हर बार उसके पिता फोन करके कहते कि वह उनके पैसे लौटा देंगे। फिलहाल उनको छुट्टी नहीं मिल रही। आरोपियों ने उससे 3, 51,490 रुपये ठग लिए। पुलिस ने अंकित की शिकायत पर 29 दिसंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के रिकाॅर्ड के माध्यम से इस मामले में पहले तीन आरोपितों को काबू किया था। अब इन तीनों से पूछताछ के बाद प्रदीप उर्फ पिंकू का नाम सामने आया। इस पर प्रदीप को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 07, 2026, 23:55 IST
Jind News: इंस्टाग्राम पर आर्मी ऑफिसर बनकर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार #ManArrestedForAllegedlyPosingAsArmyOfficerOnInstagram #SubahSamachar
