Kaithal News: फेसबुक पर भतीजे की फर्जी आईडी बनाकर 2.45 लाख रुपये ठगे
कैथल। साइबर ठगों ने गांव भानपुरा निवासी एक ट्रक चालक से उसके भतीजे की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर 2.45 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।भानपुरा निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 मई 2026 को उनकी फेसबुक मैसेंजर आईडी पर दीपा राव नाम की आईडी से संदेश आया। प्रोफाइल पर उनके भतीजे संदीप उर्फ दीपा की फोटो लगी हुई थी, जो वर्तमान में स्पेन में रहता है। ठग ने खुद को संदीप बताकर बातचीत शुरू की और आधार कार्ड की फोटो मांगी। विश्वास में आकर उसने बातचीत करने वाले आरोपी के पास आधार कार्ड की फोटो भेज दी। इसके बाद आरोपी ने एक फर्जी बैंक रसीद उसके पास भेजी, जिसमें 10.40 लाख रुपये उनके खाते में ट्रांसफर होने की बात कहीं। बाद में व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर खुद को एसबीआई कर्मचारी बताते हुए कहा गया कि संदीप का वीजा समाप्त हो गया है और वह परेशानी में है। इसके बाद आरोपी ने उससे 2.45 लाख रुपये तत्काल भेजने को कहा और भरोसा दिलाया कि अगले दिन उनके खाते में पैसे पहुंच जाएंगे। शिकायतकर्ता ने आरोपी की ओर से बताए गए बैंक खाते में 2.45 लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद जब आरोपी ने 3.50 लाख रुपये और मांगने शुरू किए तो उन्हें ठगी का शक हुआ। जांच के बाद साइबर थाना पुलिस को ठगी की शिकायत दी। साइबर थाने के जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 03:05 IST
Kaithal News: फेसबुक पर भतीजे की फर्जी आईडी बनाकर 2.45 लाख रुपये ठगे #ManDupedOfRs2.45LakhByCreatingFakeFacebookIDOfNephew #SubahSamachar
