दोस्ती का कत्ल: जागो में हुई कहासुनी, खाना खाते दोस्त को बाहर बुलाकर लाए फिर दे दी दर्दनाक माैत

फरीदकोट के स्थानीय चांद मैरिज पैलेस के बाहर दो युवकों ने अपने दोस्त की किरच से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। एक युवक ने उसकी बाजू पकड़ी और दूसरे से किरच से उस पर कई वार किए। तीनों दोस्त एक अन्य दोस्त के एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। विवाह समारोह के जागो कार्यक्रम के दौरान कहासुनी की रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान न्यू कैंट रोड निवासी दिलप्रीत सिंह (28) के रूप में हुई। थाना सिटी पुलिस ने मृतक के पिता गुरप्यार सिंह के बयान पर मृतक के दोस्त भान सिंह काॅलोनी निवासी खुशप्रीत सिंह और गांव पिपली निवासी बलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दिलप्रीत सिंह अपने दोस्त अनिल रावत की शादी में परिवार समेत शामिल होने गया था। समारोह में उसके अन्य दोस्त भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शादी वाले घर में दो दिन पहले जागो कार्यक्रम के दौरान दिलप्रीत सिंह की खुशप्रीत सिंह के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश को खुशप्रीत सिंह ने दिल में रखा हुआ था। मंगलवार रात फरीदकोट के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह चल रहा था। जब दिलप्रीत सिंह खाना खा रहा था, तब खुशप्रीत सिंह और उसका एक अन्य साथी उसे बाहर बुलाकर ले गए। वहां एक ने उसकी दोनों बाजू पकड़ लीं, जबकि दूसरे ने उस पर किरच से लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल दिलप्रीत पैलेस के अंदर पहुंचा लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। गुरप्यार सिंह और गुरविंदर सिंह ने बताया कि मैरिज पैलेस के सीसीटीवी कैमरों में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक ने दिलप्रीत की बाजू पकड़ी हुई थीं और दूसरा उस पर तेजधार हथियार से वार कर रहा था। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन थोड़ी देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 12, 2026, 04:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दोस्ती का कत्ल: जागो में हुई कहासुनी, खाना खाते दोस्त को बाहर बुलाकर लाए फिर दे दी दर्दनाक माैत #Crime #Punjab #FaridkotPolice #Murder #PunjabCrime #SubahSamachar