Chamba News: सात दिन बाद शुरू होगी मणिमहेश यात्रा, डगर नहीं आसान
भरमौर (चंबा)। सात दिन के बाद भले ही मणिमहेश यात्रा अधिकारिक तौर पर शुरू होने वाली है लेकिन हड़सर से डलझील तक आधा दर्जन पड़ाव ऐसे हैं जहां पर श्रद्धालुओं का सफर काफी खतरनाक हो सकता है। हालांकि, प्रशासन तंग रास्तों को ठीक करवाने के लिए प्रयास कर रहा है लेकिन कुछ स्थान ऐसे हैं जहां पर बेहतर प्रयास करने करने की जरूरत है। शिव घराट, सुंदरासी, दुनाली पुल और डिबरी के पास पिछले साल भूस्खलन हुआ था। यहां पर भले ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए पैदल रास्ता बना दिया है लेकिन बारिश होने पर वहां श्रद्धालुओं के चलने के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई है। फिसलन भरी डगर पर श्रद्धालु कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। यहां पर यात्रा शुरू होने से उचित व्यवस्था करने की जरूरत है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि मणिमहेश यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए अधिकारियों के साथ रोजाना बैठकें की जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग से रोजाना मार्ग की रिपोर्ट ली जा रही है। जहां पर फिसलन बढ़ने का खतरा है, वहां पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध कि जाएंगे। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धन्छौ तक रास्ते का मुआयना करने के लिए वह लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ जा रहे हैं। जो भी खामियां नजर आएंगी, उनमें सुधार के लिए निर्देश दिए जाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 18, 2026, 23:13 IST
Chamba News: सात दिन बाद शुरू होगी मणिमहेश यात्रा, डगर नहीं आसान #ManimaheshYatraToBeginInSevenDays;ThePathIsNotEasy. #SubahSamachar
