Kondagaon News: मर्दापाल मड़ई मेले में पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, भंगाराम मंदिर में की पूजा-अर्चना
कोंडागांव में केदार कश्यप मर्दापाल में आयोजित पारंपरिक मड़ई मेला में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भंगाराम मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। माघ मास में आयोजित होने वाले भंगाराम माता मावली मड़ई मेला में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने सभी ग्रामवासियों को मेला की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण अंचलों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के अनुरूप ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना को और प्रभावी बनाया गया है। इस योजना के तहत अब ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा एक सप्ताह के भीतर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। मेला स्थल पर आयोजित विभागीय शिविर में मंत्री ने पंचायत विभाग के विकसित भारत जी राम जी योजना आधारित स्टॉल सहित उद्यानिकी, पशुधन, जल संसाधन, श्रम, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन स्टॉलों तक पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें और अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के स्टॉल में पहुंचकर यातायात नियमों की जानकारी ली और लोगों से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया। मेला की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडिशनल एसपी कपिल चंद्रा ने बताया कि दो दिवसीय मेला में दूर-दराज एवं अंदरूनी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 15:47 IST
Kondagaon News: मर्दापाल मड़ई मेले में पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, भंगाराम मंदिर में की पूजा-अर्चना #CityStates #Chhattisgarh #MardapalMadaiMela #SubahSamachar
