कामर्शियल सिलिंडर सस्ता होने से हलवाइयों और उद्योगों को मामूली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी बहादुरगढ़। महीने की शुरुआत में कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दाम में हुई कटौती से हलवाइयों और छोटे-बड़े उद्योगों को मामूली राहत मिली है। हालांकि उद्योगपतियों का कहना है कि गैस की कीमतें अभी भी अधिक हैं और प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उत्पादन लागत कम करने के लिए सरकार को कामर्शियल सिलिंडर के दाम में और कमी करनी चाहिए। वहीं पेट्रोल और डीजल के दामों में भी कमी जरूरी है। कामर्शियल सिलिंडर की पहले कीमत 3113.50 रुपये थी अब 2930 रुपये हो गई है। हलवाई व्यवसाय से जुड़े काठमंडी निवासी सुभाष का कहना है कि मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में कामर्शियल गैस का सबसे अधिक उपयोग होता है। ऐसे में सिलिंडर सस्ता होने से थोड़ी राहत जरूर मिली है लेकिन इसका सीधा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने लायक कमी अभी नहीं हुई है। उनका कहना है कि गैस, दूध, घी, चीनी और सूखे मेवे जैसी अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। उधर, औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने भी गैस के दाम घटने का स्वागत किया लेकिन इसे अपर्याप्त बताया। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास आनंद सोनी का कहना है कि ऊर्जा लागत लगातार बढ़ने से उत्पादन प्रभावित होता है और छोटे उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है। यदि सरकार कामर्शियल गैस के दाम में और कमी करती है तो उद्योगों की लागत घटेगी, जिससे उत्पादन बढ़ाने और रोजगार सृजन में भी मदद मिलेगी। कन्फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग का कहना है कि वैश्विक बाजार में ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर उद्योगों पर पड़ता है। ऐसे में सरकार को घरेलू उद्योगों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए राहतकारी कदम उठाने चाहिए। उनका मानना है कि कामर्शियल सिलिंडर के दाम में लगातार कमी होने से होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई कारोबार और लघु उद्योगों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। फिलहाल हुई कटौती को उन्होंने सकारात्मक शुरुआत बताते हुए भविष्य में और राहत की उम्मीद जताई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 16:41 IST
कामर्शियल सिलिंडर सस्ता होने से हलवाइयों और उद्योगों को मामूली राहत #MarginalReliefForConfectionersAndIndustriesAsCommercialCylindersBecomeCheaper. #SubahSamachar
