Bareilly News: विवाहिता की जलाकर हत्या का आरोप
मीरगंज। गांव चुरई दलपतपुर निवासी न्याज अहमद की पत्नी रोशन की जलाकर हत्या करने के आरोप में पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पिता के मुताबिक, उनकी बेटी रोशन को 20 मई को जलाया गया। दिल्ली में उपचार के दौरान 27 मई को उसने दम तोड़ दिया। रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के धर्मपुरा निवासी इकराम हुसैन ने चार जून को पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रोशन जहां की शादी मीरगंज के गांव चुरई दलपतपुर के न्याज अहमद से लगभग 10 साल पहले हुई थी। हैसियत के अनुसार गृहस्थी का सामान आदि भेंट किया था। ससुराल वाले इस भेंट से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए ससुराल वाले विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। न्याज अहमद के किसी महिला से अवैध संबंध हैं, रोशन इसका विरोध करती थी। पिता के मुताबिक, मारपीट का विरोध करने पर पति के अलावा जेठ गुड्डू और समीर, ससुर समसुद्दीन, सास मुन्नी और ननद आसिया ने रोशन को कमरे में बंद किया। उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी। वह चीखती रही। पड़ोसियों के कहने पर ससुराल वालों ने झुलसी विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर इकराम हुसैन वहां पहुंचे। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने रोशन को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 27 मई को उसने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों को नामजद किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 02:26 IST
Bareilly News: विवाहिता की जलाकर हत्या का आरोप #MarriedWomanAccusedOfBurningToDeath #SubahSamachar
