एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम: दो किमी तक वाहनों की कतार, दिनभर रेंगते रहे वाहन; बेहाल हुए बच्चे और महिलाएं

दिवाली पर अपनों के बीच घर लौटने की खुशी उस वक्त मुसीबत में बदल गई, जब शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा 21 पर वाहनों का सैलाब उमड़ने से भीषण जाम लग गया। सुबह आठ बजे से आगरा से लखनऊ जाने वाली छह लाइनों में वाहनों की कतारें लगना शुरू हो गईं। दोपहर होते-होते जाम करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गया। गाड़ियां रेंगने को मजबूर हो गईं। वाहन चालकों को एक घंटे से डेढ़ घंटे तक इंतजार के बाद रेंगते हुए टोल प्लाजा से गुजरना पड़ा। एक तरफ घर पहुंचने की बेताबी और दूसरी तरफ भीषण जाम में फंसे मासूम बच्चों व महिलाएं बेहाल नजर आईं। दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न शहरों में काम करने वाले लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। इसके चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन कई गुना बढ़ गया है। शुक्रवार को भी शाम से देर रात तक टोल प्लाजा 21 पर वाहनों की कतारें दिखने लगी थीं। शनिवार को यातायात का दबाव और बढ़ गया। सुबह आठ बजे से ही टोल प्लाजा पर वाहनों की लाइन लगना शुरू हो गई। देखते ही देखते वाहनों की कतारें लंबी होती चली गईं। दोपहर में जाम करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गया। टोल प्लाजा पर जाम लगने के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 16:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम: दो किमी तक वाहनों की कतार, दिनभर रेंगते रहे वाहन; बेहाल हुए बच्चे और महिलाएं #CityStates #Agra #AgraLucknowExpressway #AgraNews #TrafficJam #SubahSamachar