Una News: 250 करोड़ रुपये से विकसित होगा माता चिंतपूर्णी मंदिर

चिंतपूर्णी (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर विकास एवं विस्तारीकरण परियोजना की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी के आशीर्वाद से इस दिव्य धाम को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं श्रद्धालु-अनुकूल स्वरूप देने की दिशा में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। मंदिर के विकास, विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण पर करीब 250 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। परियोजना के तहत मंदिर के गर्भगृह की मूल संरचना एवं पवित्रता को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय परिसर विकसित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि परियोजना की ड्राइंग एवं भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं और अब निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत शिलान्यास भी जल्द किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार देश के कई प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का आधुनिक सुविधाओं के साथ विस्तार एवं पुनर्विकास किया गया है तथा माता वैष्णो देवी और श्री वृंदावन धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक आधारभूत ढांचे का विकास किया गया है, उसी तर्ज पर माता श्री चिंतपूर्णी धाम का भी सुनियोजित एवं भव्य विकास किया जाएगा। मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हों और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिले।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि परियोजना के प्रथम चरण के कार्य को अगले एक वर्ष के भीतर पूरा कर श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी जी के आशीर्वाद और सभी के सहयोग से यह परियोजना प्रदेश की धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से एक नई पहचान स्थापित करेगी।इस अवसर पर, उपमुख्यमंत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 16, 2026, 00:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 250 करोड़ रुपये से विकसित होगा माता चिंतपूर्णी मंदिर #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar