GPM Weather: गर्मी से बेहाल इलाके में अचानक झमाझम बारिश, तापमान गिरा, किसानों के चेहरे खिले
जिले के पेंड्रा मरवाही क्षेत्र में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे पूरे इलाके का मौसम बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे और उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को बारिश का इंतजार था। दोपहर होते-होते मौसम ने रंग दिखाया और अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने वातावरण को पूरी तरह से खुशनुमा बना दिया। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप से आमजन काफी परेशान थे। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में बुधवार को हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। लोग घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते नजर आए, वहीं बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। इस बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को होने की उम्मीद है। मरवाही, भर्रीडांड सहित आसपास के कई गांवों में अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे खिले हुए है। खेतों में खड़ी फसलों के साथ आम के लिए यह पानी बेहद लाभकारी माना जा रहा है। किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है, क्योंकि समय पर हुई बारिश फसलों की वृद्धि और उत्पादन के लिए सहायक साबित होती है। कई किसानों का कहना है कि इस बारिश से सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक कम हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में और बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर यह बारिश लोगों और किसानों दोनों के लिए राहत भरी साबित हो रही।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 18, 2026, 16:51 IST
GPM Weather: गर्मी से बेहाल इलाके में अचानक झमाझम बारिश, तापमान गिरा, किसानों के चेहरे खिले #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #Mausam #MarwahiWeather #Chhattisgarh #CgNewsToday #SubahSamachar
