Meerut News: दिल्ली ग्रैंड प्रिक्स में छाये मेरठ के पैरा एथलीट
प्रीति पाल ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण, अनुभव ने 100 मीटर में कांस्य पदक जीता आयुष ने भी डिस्कस थ्रो में जीता रजत, दीपिका ने भी खेला खाता फोटो समाचारसंवाद न्यूज एजेंसीमेरठ। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही पैरा ग्रैंड प्रिक्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरठ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ की पैरा एथलीट प्रीति पाल ने स्वर्ण पदक, आयुष ने रजत पदक, अनुभव और दीपिका ने कांस्य पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया। अभी कई खिलाड़ियों की स्पर्धाएं होनी हैं। उनसे भी पदक की उम्मीद लगी है।मेरठ की स्टार पैरा एथलीट और मूल रूप से मुजफ्फरनगर निवासी प्रीति पाल ने 100 मीटर दौड़ को 14.46 सेकंड में पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने अक्तूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स में भारत की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है। प्रीति ने पैरा ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा और देश की पहली पैरा महिला एथलीट बनी। उन्होंने टी-35 श्रेणी में यह कारनामा किया। 200 मीटर दौड़ में भी कांस्य पदक जीतकर उन्होंने दो पदक देश के लिए जीते। अनुभव-आयुष ने भी जीते पदक मेरठ निवासी अनुभव चौधरी ने प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में टी-36 श्रेणी में प्रतिभाग करते हुए 14.08 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले उन्होंने इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। अब वह इसी प्रतियोगिता में आज 200 मीटर दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। उनसे सभी को पदक की उम्मीद है। इस मौके पर उनके साथ उनके कोच राहुल भी उनके साथ हैं। इसके अलावा आयुष ने भाला फैंक में 16.32 मीटर रजत पदक जीता। वह मेरठ सदर के रहने वाले हैं और कई प्रतियोगिता में भाग लेकर पदक जीत चुके हैं। दीपिका भी किसी से कम नहींमेरठ के सलावा की रहने वाली पैरा एथलीट दीपिका ने प्रतियोगिता में शाॅटपुट इवेंट में भाग लेते हुए 5.49 मीटर की दूरी तय की और तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। दीपिका इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। कई प्रतियोगिता में उन्होंने पदक प्राप्त किए हैं। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन एशियन गेम्स में हो सकता है। इस मौके पर उनके कोच गौरव त्यागी, पिता अनिल कुमार, माता सुमन आदि ने उन्हें बधाई दी। दीपिका ने इसी प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को ही एफ 33 श्रेणी में भाला फेंक प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन कर पदक जीता। उनके परिजनों ने भी दिल्ली पहुंचकर दीपिका को बधाई दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 19:14 IST
Meerut News: दिल्ली ग्रैंड प्रिक्स में छाये मेरठ के पैरा एथलीट #Meerut'sPara-athletesShineAtTheDelhiGrandPrix #SubahSamachar
