Agra News: बैठकें ठप, हाशिए पर खिलाड़ी...निशाने पर राइफल क्लब

आगरा। ताजनगरी के निशानेबाज राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर लगातार पदक जीतकर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन जिला राइफल क्लब की कार्यप्रणाली गंभीर सवालों के घेरे में है। खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का आरोप है कि क्लब अब शूटिंग को बढ़ावा देने के बजाय सीमित प्रभावशाली लोगों के नियंत्रण में सिमट गया है। खिलाड़ियों का कहना है कि क्लब की सदस्यता ऐसे लोगों के पास है, जिनका शूटिंग से कोई संबंध नहीं है। इनमें व्यवसायी, प्रशासनिक अधिकारियों के करीबी और प्रभावशाली लोग शामिल हैं। आरोप है कि फैसले खिलाड़ियों की जरूरतों के बजाय प्रभाव के आधार पर लिए जा रहे हैं।नियमों के अनुसार क्लब की बैठक हर छह महीने में होनी चाहिए, लेकिन खिलाड़ियों का दावा है कि वर्षों से कोई नियमित बैठक आयोजित नहीं हुई। इससे पारदर्शिता और निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं कार्यकारिणी में भी लंबे समय से न तो चुनाव हुए और न पुनर्गठन किया गया। आरोप है कि नए चेहरों और खिलाड़ियों को प्रबंधन में जगह नहीं मिल रही है।एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि हम सिर्फ मेडल जीतने के लिए हैं। फैसलों में हमारी कोई भूमिका नहीं है। सुविधाएं मांगो तो जवाब नहीं मिलता, लेकिन गैर-खिलाड़ियों का दबदबा बना हुआ है।फाउंडर सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय कोच रोहित जैन ने कहा कि एसोसिएशन का गठन शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए हुआ था। लाइसेंस से आने वाली धनराशि खिलाड़ियों और खेल विकास पर खर्च होनी चाहिए, लेकिन उसका उपयोग अन्य प्रशासनिक कार्यों में किया जा रहा है।राष्ट्रीय शूटर धीरज सिंह ने कहा कि क्लब में शूटरों से ज्यादा व्यवसायी सदस्य हैं। वर्षों से कोई बैठक नहीं हुई है। खिलाड़ियों और खेल की चिंता खत्म हो चुकी है।खिलाड़ियों ने क्लब के पुनर्गठन, पारदर्शी चुनाव, फंड उपयोग की सार्वजनिक जानकारी और निर्णय प्रक्रिया में खिलाड़ियों की भागीदारी की मांग उठाई है। गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक न कोई जांच हुई और न प्रशासनिक प्रतिक्रिया सामने आई है।-----------जल्द होगी बैठक - राइफल क्लब की बैठक जल्द बुलाई जाएगी। निशानेबाज ही क्लब के सदस्य बनते हैं। स्टेडियम में शूटिंग रेंज में अभ्यास नियमित हो रहा है। - यमुनाधर चौहान, एडीएम सिटी, आयुध प्रभारी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 17, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Agra News: बैठकें ठप, हाशिए पर खिलाड़ी...निशाने पर राइफल क्लब #MeetingsStalled #PlayersMarginalized...RifleClubsInTheCrosshairs #SubahSamachar