Una News: स्कूलों में मिड-डे मील वर्करों की हड़ताल आज, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
उपनिदेशक अनिल कुमार बोले, असुविधा का संशय है तो विभाग को करें सूचितसंवाद न्यूज एजेंसीऊना। जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत मिड-डे मील वर्कर अपनी लंबित मांगों को लेकर वीरवार को हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के चलते विद्यालयों में दोपहर के भोजन की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।विभाग की ओर से कहा गया है कि प्रत्येक स्कूल विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार वैकल्पिक रूप से भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि बच्चों को किसी तरह की असुविधा न हो। इस कार्य के लिए प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।मिड-डे मील वर्करों का कहना है कि वे कई वर्षों से नियमित वेतन, मानदेय बढ़ोतरी और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्करों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।हड़ताल को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है। विभाग का दावा है कि बच्चों के भोजन की व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग, अनिल कुमार ने बताया कि मिड-डे मील वर्करों की मांगें सरकार और प्रशासन के ध्यान में हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के मद्देनजर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और अगर कहीं कोई असुविधा होती है, तो उसे तुरंत विभाग को सूचित किया जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 19:06 IST
Una News: स्कूलों में मिड-डे मील वर्करों की हड़ताल आज, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश #Mid-dayMealWorkersInSchoolsOnStrikeToday #InstructionsForAlternativeArrangements #SubahSamachar
