प्रयागराज : धनतेरस पर परिवार संग बाजार पहुंचे मंत्री नन्दी, चौक-लोकनाथ में की खरीदारी

धनतेरस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपनी पत्नी एवं प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ सपरिवार शहर के ऐतिहासिक चौक, लोकनाथ और ठठेरी बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रूप से खरीदारी की और व्यापारियों व स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। बाजार भ्रमण के दौरान मंत्री नन्दी ने व्यापारियों, क्षेत्रवासियों और बच्चों से मुलाकात की। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बाजारों में उमड़ी भीड़, दुकानों की सजावट और कारोबारियों के उत्साह के बीच त्योहार की रौनक देखते ही बनी। मंत्री नन्दी ने कहा कि धनतेरस और दीपावली केवल पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी प्रेम के प्रतीक हैं। त्योहारों पर बाजारों में दिखाई देने वाली रौनक स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों की मेहनत और सामर्थ्य को भी दर्शाती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से दीपावली पर वोकल फॉर लोकल का संकल्प अपनाने की अपील की। कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत व आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को भी बल मिलेगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के बीच और समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर खुशियां बांटने में है। स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लाना भी पर्व की खुशियों का अहम हिस्सा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 19:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




प्रयागराज : धनतेरस पर परिवार संग बाजार पहुंचे मंत्री नन्दी, चौक-लोकनाथ में की खरीदारी #CityStates #Prayagraj #Dhanteras2026 #NandGopalGuptaNandi #AbhilashaGuptaNandi #PrayagrajNews #PrayagrajMarket #DhanterasShopping #DiwaliFestival #SubahSamachar