Morena News: 10वीं पेपर देकर लौट रही नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, घर छोड़ने के बहाने सुनसान पहाड़ी ले गया आरोपी
कोतवाली थाना क्षेत्र में 10वीं का आखिरी पेपर देकर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ उसके परिचित भोला गुर्जर ने घर छोड़ने के बहाने बाइक पर ले जाकर सुनसान पहाड़ी पर दुष्कर्म किया। शनिवार रात को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और महिला पुलिस अधिकारी पीड़िता के बयान दर्ज कर रही हैं। जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं का आखिरी पेपर था। छात्रा परीक्षा सेंटर से अपना पेपर देकर घर जा रही थी। इसी दौरान एमएस रोड पर एसपी बंगले के पास उसे अपना पूर्व परिचित भोला गुर्जर मिला। उसने छात्रा को घर छोड़ने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोपी बाइक को घर की तरफ ले जाने के बजाय नेशनल हाईवे 44 होते हुए टेकरी के एक सुनसान इलाके में ले गया और वहां पहाड़ पर वारदात को अंजाम दिया। ये भी पढ़ें-नागपुर फोरलेन पर बड़ा हादसा, कारों से भरा कंटेनर बाइक पर पलटा, पति की मौत कई घंटों तक बंधक रखा आरोपी ने टेकरी के सुनसान इलाके में ले जाकर छात्रा के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक उसी टेकरी पर बंधक बनाकर रखा। इस दौरान आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने घर पर किसी को इस घटना के बारे में बताया, तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। दिनभर पहाड़ी पर रखने और डराने-धमकाने के बाद, आरोपी रात करीब 8 बजे पीड़िता को उसके घर की गली के बाहर छोड़कर भाग गया। जब छात्रा रात 8 बजे अपने घर पहुंची, तो परिजनों ने उससे घर लेट आने का कारण पूछा। इसके बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता को अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। आरोपी की तलाश जारी घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता अपने माता-पिता को साथ लेकर कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता और परिजनों की शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अमित भदौरिया ने बताया कक्षा दसवीं की छात्रा है, उसके साथ परिचित आरोपी भोला गुर्जर ने गलत काम किया है। पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है। महिला अधिकारी पीड़िता के बयान ले रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 18:29 IST
Morena News: 10वीं पेपर देकर लौट रही नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, घर छोड़ने के बहाने सुनसान पहाड़ी ले गया आरोपी #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Morena #SubahSamachar
