Bareilly News: भाजपा विधायक का भतीजा मेडिकल कॉलेज से लापता, कमरे में मिला फोन और लैपटॉप, पुलिस तलाश में जुटी

बरेली के मीरगंज से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा का भतीजा फार्मा छात्र अंकित वर्मा स्थानीय मेडिकल कॉलेज से लापता हो गया है। अंकित बृहस्पतिवार शाम सात बजे मंदिर जाने की बात कहकर निकला और देर रात तक वापस नहीं आया। कॉलेज प्रशासन और परिजनों की सूचना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। विधायक डॉ. वर्मा ने बताया कि उनके भाई राम प्रकाश वर्मा का 24 वर्षीय बेटा अंकित वर्मा एमफार्मा का छात्र है। वह भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में ही रहता है। सात मई की शाम वह कॉलेज के छात्रावास में था। अंकित साथियों से मंदिर जाने की बात कहकर निकला और छात्रावास गेट पर अपना आईकार्ड जमा कर दिया। अंकित ने अपना मोबाइल फोन और लैपटॉप भी कमरे में ही छोड़ दिया था। इस वजह से उससे संपर्क करना नामुमकिन हो गया है। पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बात की। शुरुआती जांच में पुलिस ने कॉलेज कैंपस और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। सीओ हाईवे आशुतोष शिवम के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में अंकित छात्रावास से निकलकर नैनीताल रोड तक जाते हुए दिखाई दिया है, उसके बाद आगे का सुराग अभी नहीं मिल सका है। चूंकि अंकित का मोबाइल फोन भी कमरे में है तो लोकेशन मिलना भी मुश्किल हो गया है। फिलहाल भोजीपुरा पुलिस ने अंकित के पिता रामप्रकाश की ओर से गुमशुदगी दर्ज कर ली है। आसपास के इलाकों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की जा रही है। सहपाठियों और वार्डन से भी पूछताछ की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 09, 2026, 01:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: भाजपा विधायक का भतीजा मेडिकल कॉलेज से लापता, कमरे में मिला फोन और लैपटॉप, पुलिस तलाश में जुटी #CityStates #Crime #Bareilly #BjpMla #MedicalStudent #MedicalCollege #Police #SubahSamachar